रांची: महंगाई से परेशान आम लोगों को एक और झटका लगा है। अमूल ने दूध की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (GCMMF) ने दूध की अलग-अलग कैटेगरी के दाम 2 से 6 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ाए हैं। नई कीमतें आज से लागू हो गई हैं। कंपनी के मुताबिक, अमूल ताजा टोन्ड मिल्क 2 रुपये, अमूल शक्ति और अमूल गोल्ड 4-4 रुपये, जबकि भैंस फुल क्रीम दूध 6 रुपये प्रति लीटर महंगा हुआ है। कीमतों में बढ़ोतरी के बाद अब अमूल ताजा टोन्ड मिल्क 57 रुपये से बढ़कर 59 रुपये प्रति लीटर हो गया है। अमूल शक्ति की कीमत 63 से बढ़कर 67 रुपये और अमूल गोल्ड का दाम 70 से बढ़कर 74 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। वहीं, भैंस फुल क्रीम दूध अब 80 रुपये के बजाय 86 रुपये प्रति लीटर मिलेगा।

आम लोगों की जेब पर पड़ेगा असर
दूध महंगा होने का असर अब सीधे लोगों के महीने के बजट पर पड़ेगा। खासकर उन परिवारों को ज्यादा खर्च करना होगा, जो रोजाना दूध खरीदते हैं। अगर कोई परिवार हर दिन एक लीटर अमूल ताजा टोन्ड मिल्क खरीदता है, तो उसे महीने में करीब 60 से 62 रुपये अतिरिक्त देने होंगे। वहीं, अमूल शक्ति या अमूल गोल्ड खरीदने वाले परिवारों का मासिक खर्च करीब 120 से 124 रुपये बढ़ जाएगा। भैंस फुल क्रीम दूध खरीदने वालों पर सबसे ज्यादा असर पड़ेगा। एक लीटर रोजाना खरीदने पर उन्हें महीने में करीब 180 रुपये अतिरिक्त खर्च करने होंगे। ऐसे में दूध की कीमतों में हुई इस बढ़ोतरी से आम परिवारों का घरेलू बजट प्रभावित होना तय है।



