Gumla News: रांची-गुमला मुख्य मार्ग पर कंटेनर में लगी भीषण आग, वाहन जलकर राख

News Aroma Desk
2 Min Read
Gumla News: रांची-गुमला मुख्य मार्ग पर कंटेनर में लगी भीषण आग, वाहन जलकर राख
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Gumla News: गुमला जिले में रांची-गुमला मुख्य मार्ग पर गुरुवार दोपहर एक कंटेनर में अचानक भीषण आग लग गई। घटना दुम्बो खक्सीटोली मोड़ के पास NHAI के शौचालय के समीप हुई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरे कंटेनर को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में कंटेनर पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, चालक समेत किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के अनुसार, कंटेनर संख्या UP16HT-2548 का चालक सज्जाद हुसैन खाली वाहन लेकर लोडिंग के लिए जशपुर जा रहा था। इसी दौरान उसे गाड़ी में कुछ जलने का अंदेशा हुआ। खतरे को भांपते हुए उसने कंटेनर को सड़क किनारे खड़ा कर दिया। लेकिन देखते ही देखते वाहन में आग भड़क उठी और पूरा कंटेनर जलने लगा।

Gumla News: दमकल वाहन नहीं पहुंचा तो टैंकर से बुझाई गई आग

घटना की सूचना मिलते ही भरनो थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सुरक्षा के मद्देनजर सड़क के एक तरफ से वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। पुलिस ने अग्निशमन विभाग को भी सूचना दी, लेकिन करीब एक घंटे तक दमकल वाहन मौके पर नहीं पहुंचा।

इसके बाद आरकेडी कंपनी से पानी का टैंकर मंगवाया गया। पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

मौके पर सब इंस्पेक्टर मंटू चौधरी और निर्मल प्रसाद पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। फिलहाल कंटेनर में आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Share This Article