गुमला: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर गुमला जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को उपायुक्त दिलीश्वर महतो और पुलिस अधीक्षक हारिस बिन जमा ने जिले के विभिन्न छठ घाटों का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने घाटों पर साफ-सफाई से लेकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा तक की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीसी और एसपी वन तालाब, मुरली बगीचा तालाब, भट्टी तालाब और नागफेनी नदी स्थित छठ घाट पहुंचे। यहां उन्होंने घाटों की सफाई, आने-जाने के रास्ते, रोशनी की व्यवस्था, जलस्तर और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठव्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। पूजा से पहले सभी घाटों की साफ-सफाई पूरी करने, पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने और आवागमन के रास्तों को सुगम बनाने को कहा गया। साथ ही जलाशयों में सुरक्षा के जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वहीं, पुलिस अधीक्षक ने पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण को लेकर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छठ के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के घाटों पर पहुंचने की संभावना है। ऐसे में पुलिस और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखना जरूरी है।
इस निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता, सदर अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
जिला प्रशासन ने कहा कि छठ महापर्व को देखते हुए सभी संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन का प्रयास है कि श्रद्धालु सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल में भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सकें।


