हजारीबाग में होटल AK Palace पर ताबड़तोड़ फायरिंग, पांच राउंड चली गोलियां, मौके से राहुल दुबे गैंग के नाम की पर्ची बरामद

हजारीबाग के बरही में होटल AK Palace पर बाइक सवार अपराधियों ने की ताबड़तोड़ पांच राउंड फायरिंग, मौके से 'राहुल दुबे गैंग' के नाम की पर्ची बरामद।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

हजारीबाग: जिले के बरही थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को चुनौती दी है। शुक्रवार को बाइक सवार दो अपराधियों ने होटल AK Palace को निशाना बनाते हुए पांच राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। गोलीबारी की घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, बाइक पर सवार दो अपराधी होटल AK Palace पहुंचे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान होटल के शीशों पर गोलियों के निशान बन गए। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने मौके से गोलियों के खोखे, होटल का सीसीटीवी डीवीआर और एक संदिग्ध पर्ची बरामद की है। पर्ची पर कथित तौर पर ‘राहुल दुबे गैंग’ का नाम लिखा हुआ है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, होटल में सड़क निर्माण कंपनी के कर्मचारी और ठेकेदार ठहरते हैं। बताया जा रहा है कि सड़क निर्माण कंपनी के ठेकेदार अखिलेश पांडेय भी इसी होटल में रुके हुए हैं। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि उन्हें डराने या धमकाने के उद्देश्य से इस वारदात को अंजाम दिया गया हो सकता है।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। होटल में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बाइक सवार अपराधियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में जुटी है।

इस घटना ने बरही क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, गोलीबारी के पीछे की असली वजह पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।