

खलारी: लोक आस्था के महापर्व छठ के तीसरे दिन रविवार को खलारी कोयलांचल में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। छठ व्रतियों ने पूरे विधि-विधान के साथ अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
दोपहर बाद से ही व्रती और श्रद्धालु पूजा की सामग्री लेकर घाटों पर पहुंचने लगे थे। शाम होते-होते मोहननगर छठ घाट, एसीसी छठ तालाब, दामोदर नदी, सपही नदी और सोनाडुब्बी नदी समेत विभिन्न घाटों पर भक्तों की भीड़ जमा हो गई। व्रतियों ने पारंपरिक तरीके से पूजा-अर्चना कर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया।
छठी मैया के पारंपरिक गीतों और भगवान भास्कर की आराधना से पूरा कोयलांचल भक्तिमय हो उठा। घाटों पर परिवार के साथ पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान सूर्य और छठी मैया से सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। घाटों पर भीड़ नियंत्रण और व्रतियों की सुविधा को लेकर अधिकारी एवं पुलिसकर्मी मुस्तैद रहे। वहीं, स्थानीय समाजसेवियों और छठ पूजा समितियों ने भी सेवा भाव दिखाते हुए श्रद्धालुओं के बीच दूध, फल और अन्य पूजन सामग्री का वितरण किया।
गौरतलब है कि सोमवार को छठ महापर्व के अंतिम दिन व्रती उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके बाद 36 घंटे के निर्जला उपवास का पारण किया जाएगा और चार दिवसीय लोक आस्था के इस महापर्व का समापन होगा।


