रांची : झारखंड स्थापना दिवस के खास मौके पर भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF)-2026 में लगाए गए झारखंड पवेलियन में लोगों की अच्छी-खासी दिलचस्पी देखने को मिल रही है। खासकर वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के स्टॉल पर बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं और वहां प्रदर्शित चीजों की सराहना कर रहे हैं। वन विभाग के स्टॉल का मुख्य आकर्षण झारखंड का राजकीय पशु और खास तौर पर तैयार किया गया रोटेटर डिस्प्ले रहा। इस डिस्प्ले के जरिए राज्य के विभिन्न जंगलों, वन्यजीव अभयारण्यों, बेतला नेशनल पार्क समेत झारखंड की प्राकृतिक और वन्यजीव संपदा को दिखाया गया है।

उद्योग विभाग के निदेशक विशाल सागर ने किया स्टॉल का दौरा
इस मौके पर उद्योग विभाग के निदेशक विशाल सागर भी वन विभाग के स्टॉल पर पहुंचे। उन्होंने वहां प्रदर्शित झारखंड की समृद्ध वन संपदा, जैव विविधता और वन आधारित उत्पादों के बारे में जानकारी ली। स्टॉल पर रखे विभिन्न प्राकृतिक और स्थानीय उत्पादों को देखकर उन्होंने खुशी जताई। साथ ही वन विभाग की ओर से किए जा रहे प्रयासों की सराहना भी की।

साहेबगंज के जैविक शहद ने खींचा ध्यान
स्टॉल पर प्रदर्शित उत्पादों में साहेबगंज का जैविक शहद खास चर्चा में रहा। विशाल सागर ने इसकी गुणवत्ता और खासियत की तारीफ की। उन्होंने कहा कि झारखंड के ऐसे प्राकृतिक और जैविक उत्पाद राज्य की समृद्ध प्राकृतिक विरासत के साथ-साथ यहां के स्थानीय संसाधनों की भी महत्वपूर्ण पहचान हैं।


