देवघर : झारखंड के देवघर जिले में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मोहनपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में की गई।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग फ्लिपकार्ट, अमेजन पे, एयरटेल पेमेंट बैंक, गूगल पे और पीएम किसान योजना के नाम पर लोगों से ठगी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की और बिट्टू कुमार, रोशन कुमार, तबकुल अंसारी और राजाराम कुमार को गिरफ्तार किया।

जांच में सामने आया कि आरोपी फर्जी गूगल पे, फोनपे और पेटीएम कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों को कैशबैक का लालच देते थे। वहीं, पीएम किसान योजना, बिजली बिल और आरटीओ चालान के नाम पर APK फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस हासिल करते थे। फर्जी एयरटेल पेमेंट बैंक अधिकारी बनकर भी लोगों को निशाना बनाया जाता था।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 6 मोबाइल फोन और 7 सिम कार्ड जब्त किए हैं। जांच में इनके मोबाइल नंबर और IMEI नंबर से जुड़े साइबर ठगी के मामले दूसरे राज्यों में भी मिले हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी राजाराम कुमार पहले भी देवघर साइबर थाना कांड संख्या 107/2024 में जेल जा चुका है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।


