रांची: झारखंड में कुपोषण से जूझ रहे बच्चों को बेहतर इलाज और स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी तैयारी शुरू की है। अब राज्य के 24 जिलों के डॉक्टरों और मेडिकल टीम को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि गंभीर रूप से कुपोषित बच्चों की पहचान से लेकर उनके इलाज और देखभाल तक की व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।
दरअसल, राज्य में पांच साल से कम उम्र के करीब 22 प्रतिशत बच्चे कुपोषण से प्रभावित हैं। ऐसे में इन बच्चों को समय पर बेहतर इलाज मिल सके, इसके लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन झारखंड की ओर से 18 से 21 नवंबर तक रांची सदर अस्पताल में चार दिवसीय राज्यस्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
क्या होगी इस ट्रेनिंग की खासियत?
इस कार्यक्रम को एफ-सैम ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स नाम दिया गया है। इसमें सभी 24 जिलों से चयनित शिशु रोग विशेषज्ञ, चिकित्सा पदाधिकारी और मेडिकल टीम के सदस्य शामिल होंगे। डॉक्टरों को गंभीर कुपोषित बच्चों के उपचार के नवीनतम दिशा-निर्देशों और आधुनिक चिकित्सा प्रक्रियाओं की जानकारी दी जाएगी।
लेकिन इस प्रशिक्षण का फायदा सिर्फ इन डॉक्टरों तक सीमित नहीं रहेगा। ट्रेनिंग पूरी करने के बाद ये चिकित्सक अपने-अपने जिलों में दूसरे स्वास्थ्यकर्मियों को भी प्रशिक्षित करेंगे। इससे राज्य के कुपोषण उपचार केंद्रों यानी एमटीसी में इलाज की गुणवत्ता और व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास पर भी फोकस
कुपोषण उपचार केंद्रों में बच्चों को सिर्फ बीमारी से उबारने पर ही ध्यान नहीं दिया जाता, बल्कि उनके शारीरिक और मानसिक विकास को भी प्राथमिकता दी जाती है। खासकर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को यहां बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करायी जाती हैं।
डोरंडा एमटीसी में 1058 से ज्यादा बच्चों का इलाज
राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में डोरंडा, मांडर, बुंडू और बेड़ो में कुपोषण उपचार केंद्र संचालित हैं। इनमें डोरंडा एमटीसी अब तक 1058 से अधिक बच्चों का उपचार कर चुका है।
अब स्वास्थ्य विभाग की इस नई पहल से उम्मीद है कि गंभीर कुपोषण से प्रभावित बच्चों की समय पर पहचान होगी और उन्हें बेहतर इलाज मिल सकेगा।


