रांची: झारखंड के चर्चित निशा भगत आत्महत्या मामले में अब सीबीआई ने कार्रवाई शुरू करते हुए प्राथमिकी दर्ज कर ली है। इसमें केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की और आदिवासी नेत्री ज्योत्सना केरकेट्टा को नामजद आरोपी बनाया गया है। इसके अलावा कुछ अन्य अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। जानकारी के मुताबिक सीबीआई की विशेष अपराध शाखा-1 में यह प्राथमिकी दर्ज हुई है। निशा भगत ने 6 नवंबर को आत्महत्या की थी। उनकी मौत के बाद पिता की शिकायत पर पिठोरिया थाने में कांड संख्या 114/2026 दर्ज की गई थी। अब सीबीआई की विशेष अपराध शाखा ने जांच शुरू करने के लिए पिठोरिया थाने में दर्ज उसी प्राथमिकी को अपने यहां रजिस्टर किया है।

अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा पर गंभीर आरोप
निशा भगत की मौत के बाद उनके पिता हंदू भगत ने न्याय की मांग करते हुए पुलिस से शिकायत की थी। उन्होंने पिठोरिया थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की, आदिवासी नेत्री ज्योत्सना केरकेट्टा और अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की थी। हंदू भगत का आरोप है कि इन लोगों ने उनकी बेटी की बदनामी की और उसे आत्महत्या के लिए उकसाया। अब इस मामले में CBI की एंट्री के बाद जांच को लेकर लोगों की नजरें केंद्रीय एजेंसी पर टिकी हैं।



