रांची: आदिवासी नेत्री निशा भगत की आत्महत्या के मामले में सीबीआई ने जांच तेज कर दी है। सोमवार को सीबीआई की टीम ने रांची में दो अलग-अलग ठिकानों पर पहुंचकर छानबीन की। अधिकारियों ने अजय तिर्की के कुम्हार टोली स्थित आवास और ज्योत्सना केरकेट्टा के लालपुर के नगरा टोली स्थित घर पर जांच की। इस दौरान टीम ने मामले से जुड़े अहम सुराग और साक्ष्य जुटाने की कोशिश की।

अजय तिर्की के घर पर 8 घंटे से ज्यादा चली जांच
सीबीआई की टीम ने अजय तिर्की के कुम्हार टोली स्थित आवास पर करीब आठ घंटे से अधिक समय तक जांच की। इस दौरान अजय तिर्की भी घर पर मौजूद थे। अधिकारियों ने घर में लंबी छानबीन की और जांच पूरी होने के बाद वहां से रवाना हो गए। बताया जा रहा है कि टीम अपने साथ कई साक्ष्य भी लेकर गई है। हालांकि, जांच के दौरान कौन-कौन से सबूत मिले और अधिकारियों ने अपने साथ क्या-क्या लिया, इसकी आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।



