रांची : प्रतिभा किसी बड़े शहर या अमीर परिवार की मोहताज नहीं होती, इसे साबित किया है पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले के शालबनी क्षेत्र की संताल बेटी मौसुमी मुर्मू ने। एक साधारण खेतिहर परिवार में जन्मी मौसुमी ने सीमित संसाधनों और अनेक चुनौतियों के बावजूद अपने सपनों को कभी छोटा नहीं होने दिया। बचपन में बड़े भाई से प्रेरित होकर फुटबॉल खेलना शुरू किया और अपनी मेहनत, अनुशासन तथा जबरदस्त आत्मविश्वास के बल पर गांव के मैदान से निकलकर राष्ट्रीय फुटबॉल टीम तक पहुंच गईं। यह सिर्फ एक खिलाड़ी की सफलता नहीं, बल्कि पूरे संताल और आदिवासी समाज के लिए गर्व का विषय है।

मौसुमी की उपलब्धियां उनकी असाधारण प्रतिभा की गवाही देती हैं। 2022–23 के कन्याश्री कप में ईस्ट बंगाल के लिए 13 गोल करके उन्होंने अपनी पहचान बनाई। इसके बाद अंडर-20 भारतीय टीम में जगह मिली और 12 जुलाई 2024 को म्यांमार के विरुद्ध भारतीय सीनियर महिला फुटबॉल टीम में अंतरराष्ट्रीय पदार्पण करने का गौरव हासिल किया। नवंबर 2024 में एक विश्वविद्यालय फुटबॉल मुकाबले में चार गोल दागकर अपनी आक्रामक खेल प्रतिभा दिखाई। इंडियन विमेंस लीग में भी उनका प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा है। आज वह गोकुलम केरला एफसी जैसे प्रतिष्ठित क्लब से जुड़ी हैं।

मौसुमी मुर्मू की कहानी हमें एक बहुत बड़ा संदेश देती है — हमारी पहचान हमारी कमजोरी नहीं, हमारी ताकत है! आदिवासी समाज में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत है उन्हें सही अवसर, प्रशिक्षण और सहयोग देने की। जिस समाज की बेटियां सीमित संसाधनों के बावजूद राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं, उस समाज की आने वाली पीढ़ी में कितनी असीम संभावनाएं छिपी हैं, इसकी कल्पना कीजिए! मौसुमी की सफलता उन हजारों आदिवासी बेटियों के लिए प्रेरणा है, जो आज भी गांव के छोटे-छोटे मैदानों में बड़े सपने देख रही हैं।
मौसुमी मुर्मू, आपकी उपलब्धियों पर हमें गर्व है! आप सिर्फ एक फुटबॉलर नहीं, बल्कि संघर्ष, साहस और खुद पर विश्वास की जीवंत मिसाल हैं। आपकी यात्रा साबित करती है कि सपने देखने का अधिकार सबको है और उन्हें पूरा करने की क्षमता किसी एक वर्ग की जागीर नहीं। हमारी बेटियों को सिर्फ प्रोत्साहन नहीं, अवसर और संसाधन भी मिलने चाहिए। क्योंकि जब एक आदिवासी बेटी आगे बढ़ती है, तो वह अपने साथ पूरे समाज की उम्मीदों को नई ऊंचाई देती है।


