गुजरात सरकार ने आइसक्रीम और फ्रोजन डेजर्ट के बीच अंतर बताने के लिए अभियान शुरू किया

गुजरात सरकार ने आइसक्रीम और फ्रोजन डेजर्ट के बीच अंतर बताने के लिए ऑपरेशन हेल्थ शुरू किया है। अब दुकानदारों को उत्पाद की सही जानकारी ग्राहकों को देनी होगी।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

गांधीनगर: गुजरात सरकार ने खाद्य सुरक्षा और उपभोक्ता जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आइसक्रीम और फ्रोजन डेजर्ट के बीच अंतर के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए राज्यव्यापी अभियान ‘ऑपरेशन हेल्थ’ शुरू किया है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल्ल पानशेरिया ने बुधवार को इसकी घोषणा की। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि गुजरात में खाद्य सुरक्षा और उपभोक्ता जागरूकता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने खाद्य एवं औषधि नियंत्रण प्रशासन (एफडीसीए) के सहयोग से ‘ऑपरेशन हेल्थ’ शुरू किया है जिसका उद्देश्य लोगों को आइसक्रीम और फ्रोजन डेजर्ट के बीच अंतर के बारे में जागरूक करना है। एक वीडियो संदेश में उन्होंने बताया कि इस पहल पर चर्चा के लिए स्वास्थ्य विभाग के आयुक्त और खाद्य एवं औषधि विभाग के अधिकारियों के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक हुई।

उन्होंने कहा कि आइसक्रीम और फ्रोजन डेजर्ट दोनों ही कानूनी रूप से मान्य उत्पाद हैं, लेकिन इनके बीच अंतर को लेकर लोगों में जागरूकता कम है। पानशेरिया ने बताया, ”आइसक्रीम और फ्रोजन डेजर्ट में बहुत अंतर है, लेकिन लोग आमतौर पर दोनों को आइसक्रीम ही समझते हैं। आइसक्रीम को शुद्ध दूध से बनी आइसक्रीम के रूप में लेबल किया जाता है। वहीं, फ्रोजन डेजर्ट दूध की वसा के बजाय वनस्पति तेल और मिल्क पाउडर मिलाकर बनाया जाता है। ऐसे उत्पाद को आइसक्रीम नहीं कहा जा सकता, इसे डेजर्ट कहा जा सकता है।”

उन्होंने कहा कि 95 प्रतिशत से अधिक लोगों को यह जानकारी नहीं है कि वे जिस उत्पाद को आइसक्रीम समझकर खाते हैं, वह वनस्पति तेल यानी पाम ऑयल और मिल्क पाउडर से बना होता है तथा उसमें दूध की एक बूंद भी नहीं होती। मंत्री ने बताया कि इस अभियान के तहत गुजरात में आइसक्रीम बेचने वालों को ग्राहकों को स्पष्ट रूप से बताना होगा कि बेचा जा रहा उत्पाद शुद्ध दूध से बनी आइसक्रीम है या फ्रोजन डेजर्ट। उन्हें दोनों उत्पादों के बीच का अंतर भी प्रदर्शित करना होगा। पानशेरिया ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य लोगों को आइसक्रीम और फ्रोजन डेजर्ट के बीच अंतर के बारे में जागरूक करना और उन्हें शुद्ध दूध से बनी आइसक्रीम का सेवन करने के लिए प्रेरित करना है।

 

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।