रांची में बिहार STF का बड़ा एक्शन, अंतरराष्ट्रीय सट्टेबाजी गिरोह के सरगना की पत्नी अशोकनगर से गिरफ्तार

रांची के अशोकनगर में बिहार STF ने अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन सट्टेबाजी गिरोह के कथित सरगना की पत्नी लवली प्रिया को गिरफ्तार किया। गिरोह पर 88 करोड़ के कारोबार का आरोप है।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: झारखंड की राजधानी रांची में ऑनलाइन सट्टेबाजी के एक बड़े अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का खुलासा हुआ है। अशोकनगर जैसे पॉश इलाके से पुलिस ने कथित सरगना संदीप कुमार गुप्ता की पत्नी लवली प्रिया को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दुबई से संचालित इस गिरोह ने करीब 88 करोड़ रुपये का ऑनलाइन सट्टेबाजी का कारोबार खड़ा कर रखा था। बुधवार को बिहार एसटीएफ और पटना पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस पूरे नेटवर्क का संचालन दुबई से किया जा रहा था। ऑनलाइन सट्टेबाजी के लिए गिरोह बाली एक्सचेंज समेत कई वेबसाइटों का इस्तेमाल करता था। जांच एजेंसियों के मुताबिक, गिरोह ने देश के अलग-अलग हिस्सों में अपना नेटवर्क फैला रखा था और लोगों को जोड़कर करोड़ों रुपये का कथित अवैध कारोबार कर रहा था। तकनीकी जांच और दूसरे अहम साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने इस नेटवर्क का पता लगाया। इसके बाद बुधवार को एक साथ रांची, पटना, कोलकाता, दिल्ली, गाजियाबाद और प्रयागराज में छापेमारी की गई। इसी कार्रवाई के दौरान रांची के अशोकनगर से कथित सरगना संदीप कुमार गुप्ता की पत्नी लवली प्रिया को गिरफ्तार किया गया।

इस मामले में अब तक कुल चार लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि 37 संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब गिरोह के बाकी सदस्यों की भूमिका खंगाल रही है। साथ ही, सट्टेबाजी से जुटाई गई रकम और दुबई से संचालित पूरे नेटवर्क की जांच भी की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस कथित कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल थे। इसके अलावा, करोड़ों रुपये का लेन-देन किन माध्यमों से किया जाता था और इस नेटवर्क के तार कहां-कहां तक जुड़े हैं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। आने वाले दिनों में इस मामले में और खुलासे होने की संभावना है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।