Jharkhand News: झारखंड में चक्रवात अकवान के प्रभाव देखते हुए राज्य के कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट को देखते हुए पश्चिमी सिंहभूम जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर जिला प्रशासन ने 20 नवंबर 2026 को सभी कक्षाएं स्थगित रखने का निर्देश जारी किया है। इस दिन KG से कक्षा 5 तक सभी सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों की छुट्टी रहेगी।

शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मचारियों को तय समय पर स्कूल पहुंचना अनिवार्य
प्रशासन के आदेश के मुताबिक, 20 नवंबर को छात्रों के लिए कक्षाएं स्थगित रहेंगी। लेकिन, स्कूलों के शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मचारियों को तय समय पर स्कूल पहुंचना अनिवार्य होगा। उन्हें बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज कराने के बाद गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करना होगा।

पश्चिमी सिंहभूम में ऑरेंज अलर्ट
बता दें, चक्रवात अकवान को लेकर पश्चिमी सिंहभूम को ऑरेंज अलर्ट में रखा गया है। मौसम विभाग ने यहां तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश की आशंका जताई है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा के लिए यह कदम उठाया है, ताकि खराब मौसम के दौरान छोटे बच्चों को किसी तरह की परेशानी ना हो।


