शेयर बाजार में निवेश का झांसा देकर तीन लाख रुपये ठगने का आरोपी भोपाल से गिरफ्तार

शेयर बाजार में मोटे मुनाफे का लालच देकर तीन लाख रुपये की ठगी करने के आरोपी को दिल्ली पुलिस ने भोपाल से गिरफ्तार किया, जांच में कई अहम खुलासे हुए।

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस ने शेयर बाजार में निवेश पर मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से तीन लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में 31 वर्षीय व्यक्ति को मध्य प्रदेश के भोपाल से गिरफ्तार किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
शाहदरा जिले के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि आरोपी की पहचान मध्य प्रदेश के सागर निवासी सौरभ कुमार अहिरवार के रूप में हुई है।
उनके मुताबिक, शाहदरा के जगतपुरी निवासी शिकायतकर्ता सुनील तिवारी को एक अज्ञात व्यक्ति ने व्हाट्सऐप पर फोन किया था और उन्हें शेयर बाजार में निवेश कर अच्छा मुनाफा कमाने का लालच दिया और आकर्षक रिटर्न का भरोसा दिलाकर उनसे तीन लाख रुपये अलग-अलग किस्तों में स्थानांतरित करा लिए।
पुलिस ने बताया कि जांच में पता चला कि ठगी की रकम भोपाल के अवधपुरी स्थित केनरा बैंक के एक खाते में स्थानांतरित की गई थी और वहां से निकाली गई थी।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने तकनीकी जांच और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर भोपाल के अवधपुरी में छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में पता चला कि आरोपी पहले एक निवेश परामर्श कंपनी में काम करता था और शेयर बाजार में निवेश के बारे में लोगों को आकर्षित करने की प्रक्रिया से परिचित था तथा नौकरी छोड़ने के बाद उसने कथित तौर पर निवेश पर आकर्षक रिटर्न का झांसा देकर लोगों से ठगी शुरू कर दी।

Share This Article