रांची में बिल्डिंग निर्माण पर नगर निगम सख्त, दो अतिरिक्त मंजिल बनाने पर मालिक को नोटिस

रांची के बरियातू में स्वीकृत नक्शे से दो अतिरिक्त मंजिल बनाने पर नगर निगम सख्त, भवन मालिक को तीन दिन में जवाब देने का नोटिस; निर्माण रोकने के निर्देश।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
Ranchi : राजधानी रांची में भवन निर्माण के नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। बरियातू मुख्य मार्ग पर स्वीकृत नक्शे से अधिक मंजिलों का निर्माण किए जाने का मामला सामने आया है। नगर निगम की नगर निवेशक शाखा ने जांच के बाद भवन मालिक को नोटिस जारी किया है। साथ ही तत्काल प्रभाव से निर्माण कार्य रोकने का निर्देश दिया गया है।

B+G+4 की अनुमति, बना लिया B+G+6 भवन

Municipal Corporation

नगर निगम के मुताबिक, मोहसीन हसन रजा ने आलम हॉस्पिटल के सामने और MMCC हॉस्पिटल के बगल में स्थित भवन के निर्माण के लिए B+G+4 यानी बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और चार मंजिल का नक्शा पास कराया था।

लेकिन निगम की टीम ने जब मौके पर निरीक्षण किया, तो पाया कि स्वीकृत नक्शे के विपरीत भवन को B+G+6 तक बना दिया गया है। यानी अनुमति से दो अतिरिक्त मंजिलों का निर्माण किया गया है।

सेटबैक और पार्किंग में भी गड़बड़ी

निरीक्षण के दौरान भवन में केवल अतिरिक्त मंजिलों का मामला ही नहीं मिला, बल्कि अनिवार्य सेटबैक, गिफ्ट डीड और पार्किंग व्यवस्था से संबंधित नियमों के उल्लंघन की भी बात सामने आई है। इसके बाद नगर निगम ने संबंधित भवन के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

तीन दिनों में देना होगा जवाब

नगर निगम की ओर से 20 नवंबर को भवन पर नोटिस चस्पा किया गया। भवन मालिक को तीन दिनों के भीतर अपना पक्ष रखने और निर्माण से संबंधित अनियमितताओं पर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है।

निगम ने चेतावनी दी है कि तय समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर अवैध निर्माण हटाने के साथ पूरे भवन को सील करने की कार्रवाई की जा सकती है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।