घाटशिला में तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार को मारी टक्कर, होटल कारोबारी की हालत गंभीर

घाटशिला के फूलडुंगरी में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार होटल कारोबारी को मारी टक्कर, सिर में गंभीर चोट लगने से हालत नाजुक; जमशेदपुर एमजीएम रेफर।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
Ghatshila Road Accident : पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम सड़क हादसे में एक होटल संचालक गंभीर रूप से घायल हो गए। फूलडुंगरी स्थित कौशल्या लॉज के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार मनोज शुक्ला (46) के सिर में गंभीर चोट आई है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया।

जगन्नाथपुर से घर लौट रहे थे मनोज

मिली जानकारी के अनुसार, फूलडुंगरी निवासी मनोज शुक्ला जगन्नाथपुर में होटल चलाते हैं। शुक्रवार को वह रेनकोट पहनकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान कौशल्या लॉज के समीप एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद वह सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट लग गई।

पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से पहुंचाया अस्पताल

घटना की जानकारी मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एक ऑटो चालक और स्थानीय लोगों की मदद से घायल मनोज शुक्ला को घाटशिला अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सक डॉ. विशाल केशरी ने उनका प्राथमिक उपचार किया। गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया।

टक्कर मारकर फरार हुआ वाहन चालक

हादसे के बाद अज्ञात वाहन का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी पहचान करने और दुर्घटना में शामिल वाहन का पता लगाने में जुटी है।

इधर, घटना की सूचना मिलने पर घायल के परिजन शिव कुमार शुक्ला, संदीप शुक्ला और स्वरित शुक्ला समेत अन्य लोग अस्पताल पहुंचे। हादसे के बाद परिवार के लोगों में चिंता का माहौल है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।