Gujarat Road Accident : गुजरात के कच्छ जिले में एक राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक ने एक कार को टक्कर मार दी, जिससे सेना के जवानों के परिवारों के सात सदस्यों की मौत हो गई।
पुलिस ने रविवार को बताया कि मृतकों में तीन बच्चे भी शामिल हैं।

कच्छ पश्चिम पुलिस नियंत्रण कक्ष के एक अधिकारी ने कहा कि शनिवार रात करीब 10 बजे यह हादसा उस समय हुआ, जब परिवार कच्छ का रण घूमने के बाद भुज लौट रहा था।

उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें तीन महीने की एक बच्ची भी शामिल है। दुर्घटना के बाद बुरी तरह क्षतिग्रस्त वाहन से शवों को निकालने में कई घंटे लग गए।
अधिकारी ने बताया कि सभी मृतक उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र के रहने वाले थे और वे भुज में तैनात सेना के जवानों के परिवारों के सदस्य थे।
उन्होंने कहा कि मृतकों की पहचान सौरभ सिंह नेगी (30), उनकी पत्नी सविता (30), उनकी तीन महीने की बेटी शिविका, राजेश सिंह रावत (35), उनकी बेटी रक्षिता (सात), रिंकी गोसाईं (30) और उनकी चार वर्षीय बेटी वामिका के रूप में हुई है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सड़क हादसे में लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया और प्रत्येक मृतक के परिजनों को दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘गुजरात के कच्छ में हुए हादसे में लोगों की जान जाने से दुखी हूं। अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’
प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी, जबकि घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी सड़क दुर्घटना में जान गवांने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
शाह ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, ‘‘गुजरात के कच्छ में हुआ सड़क हादसा अत्यंत दुखद है। इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति मैं गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और घायलों को शीघ्र स्वस्थ करें।’’


