आखिर क्या हुआ था रविवार की सुबह?
जानकारी के मुताबिक, पोखरिया गांव निवासी भीम गोराई का 22 वर्षीय बेटा शंभू गोराई रविवार सुबह अपने घर से टांगी लेकर निकला था। बताया जा रहा है कि युवक पिछले करीब एक साल से मानसिक बीमारी का इलाज करा रहा है और घर पर भी उसकी दवा चल रही है।
घर से निकलने के बाद उसने सबसे पहले गांव की 67 वर्षीय सरस्वती महतो पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गईं। इसके बाद युवक रास्ते में मिलने वाले अन्य लोगों पर भी हमला करता चला गया।
पांच लोग घायल, बुजुर्ग महिला की हालत गंभीर
इस घटना में कुल पांच लोग घायल हुए हैं। घायलों की पहचान इस प्रकार है
- सरस्वती महतो (67 वर्ष)
- मामोनी कर्मकार (65 वर्ष)
- निर्मल प्रमाणिक (60 वर्ष)
- राजा (17 वर्ष)
- बुधनी
गंभीर रूप से घायल सरस्वती महतो को उनके बेटे वीरेश महतो सुबह करीब आठ बजे जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे। उनका इलाज जारी है। वहीं, अन्य घायलों का इलाज एमजीएम अस्पताल और पश्चिम बंगाल के बराबाजार सरकारी अस्पताल में कराया जा रहा है।
हमला करने के बाद किस जंगल में गायब हुआ युवक?
घटना के बाद युवक के पिता और ग्रामीण उसे पकड़ने के लिए पीछे दौड़े। लेकिन शंभू भागते हुए गांव से कुछ दूरी पर स्थित मोहरीवासा जंगल में घुस गया। इसके बाद वह अचानक लापता हो गया।
ग्रामीणों ने जंगल में उसकी तलाश शुरू कर दी। सूचना मिलने पर बोड़ाम थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान में जुट गई। रविवार सुबह करीब 11:30 बजे तक जंगल में युवक की तलाश जारी थी।
एक ही घटना में पांच लोगों के घायल होने के बाद पोखरिया गांव के लोगों में डर का माहौल है। ग्रामीणों को आशंका है कि युवक अभी भी जंगल में छिपा हो सकता है। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।


