धनबाद: कोयला उत्पादन के लिए शहीद हुए 29 मजदूरों की याद भी क्या इतनी सस्ती हो गई कि उनके स्मारक को ही बुलडोजर से ढहा दिया गया? झरिया की बागडिगी कोलियरी में सामने आई इस घटना ने बीसीसीएल प्रबंधन की कार्यशैली और मजदूरों के सम्मान को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।मामला वर्ष 2001 में हुए बागडिगी खदान हादसे से जुड़ा है। 2 फरवरी 2001 को खदान में पानी घुसने से 29 श्रमिकों की दर्दनाक मौत हो गई थी। उनकी याद में बनाए गए ऐतिहासिक शहीद स्तंभ को सुशी आउटसोर्सिंग परियोजना के विस्तारीकरण के दौरान बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए ध्वस्त कर दिया गया।

कभी जहां शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए लोगों की भीड़ जुटती थी, आज वहां टूटे पत्थर और मलबा नजर आ रहा है। स्मारक पर लगे शिलापट्ट और शहीदों के नाम भी हटा दिए गए हैं।इस घटना से मजदूर संगठनों और स्थानीय लोगों में नाराजगी है। सवाल उठ रहा है कि आखिर स्मारक हटाने से पहले शहीदों के सम्मान में दूसरे स्थान पर व्यवस्था क्यों नहीं की गई? कोयला उत्पादन और परियोजना विस्तार जरूरी हो सकता है, लेकिन क्या इसके लिए मजदूरों की शहादत की निशानी मिटाना जरूरी था?क्षेत्रीय सलाहकार समिति के सदस्य बिहारी लाल चौहान ने इस पर कड़ा विरोध जताते हुए कहा कि शहीदों का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्मारक को सम्मानपूर्वक दोबारा स्थापित करने की मांग की है। वहीं, लोदना क्षेत्र के प्रबंधन की ओर से आश्वासन दिया गया है कि शहीद स्थल को जल्द ही लोदना क्षेत्रीय बीटीसी केंद्र में ससम्मान स्थापित किया जाएगा।



