रांची: खराब मौसम का असर रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर देखने को मिला। दूसरे राज्यों में मौसम बिगड़ने के कारण रांची आने वाली नौ फ्लाइट अपने निर्धारित समय से देरी से पहुंचीं। वहीं, रविवार को इंडिगो की कोलकाता-रांची फ्लाइट को रद्द करना पड़ा। विमानों के लेट होने और फ्लाइट रद्द होने से यात्रियों को काफी परेशानी हुई। कई यात्रियों को एयरपोर्ट पर लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। इंडिगो और एयर इंडिया एक्सप्रेस की कई उड़ानें तय समय से देरी से रांची पहुंचीं। इनमें दिल्ली, पुणे, कोलकाता, बेंगलुरु, मुंबई और हैदराबाद से आने वाली फ्लाइट शामिल थीं।

इंडिगो की दिल्ली-रांची फ्लाइट सुबह 7:15 बजे पहुंचने वाली थी, लेकिन यह 10:18 बजे एयरपोर्ट पहुंची। इसी तरह पुणे-रांची फ्लाइट भी सुबह 7:30 बजे के बजाय 10:03 बजे पहुंची। कोलकाता से आने वाली इंडिगो की एक अन्य फ्लाइट सुबह 8:15 बजे की जगह 9:08 बजे रांची पहुंची। दिन चढ़ने के साथ विमानों की देरी का सिलसिला भी जारी रहा। एयर इंडिया एक्सप्रेस की बेंगलुरु-रांची फ्लाइट सुबह 9:30 बजे के निर्धारित समय के बजाय 9:50 बजे पहुंची। वहीं, इंडिगो की दूसरी कोलकाता-रांची फ्लाइट सुबह 11:45 बजे की जगह दोपहर 1:18 बजे रांची पहुंची। इसके अलावा इंडिगो की दिल्ली-रांची फ्लाइट दोपहर 1 बजे के बजाय 1:27 बजे पहुंची। मुंबई-रांची फ्लाइट भी दोपहर 1:30 बजे की जगह 1:52 बजे एयरपोर्ट पहुंची। वहीं, दिल्ली से आने वाली एक अन्य फ्लाइट शाम 4:50 बजे के बजाय 5:14 बजे रांची पहुंची। हैदराबाद-रांची फ्लाइट रात 8:25 बजे की जगह 8:45 बजे पहुंची।

इंडिगो की कोलकाता-रांची फ्लाइट रद्द
विमानों के देर से पहुंचने के बीच इंडिगो की कोलकाता-रांची फ्लाइट रविवार को रद्द कर दी गई। इस फैसले के कारण इस उड़ान से सफर करने वाले यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।


