रांची: पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की मां के निधन से परिवार में शोक की लहर है। उनके निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में भी दुख का माहौल है। भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने अर्जुन मुंडा की मां के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। डॉ. प्रदीप वर्मा ने अपनी संवेदना जाहिर करते हुए कहा कि मां का दुनिया से चले जाना जीवन की सबसे बड़ी और कभी पूरी न होने वाली क्षति है। मां सिर्फ ममता और स्नेह का प्रतीक नहीं होतीं, बल्कि वह हर मुश्किल वक्त में परिवार की सबसे बड़ी ताकत और सहारा होती हैं। मां के रहते जीवन की बड़ी से बड़ी परेशानी भी छोटी लगती है और हर दुख सहना आसान हो जाता है।

उन्होंने कहा कि मां के जाने से जीवन में जो खालीपन पैदा होता है, उसे कभी भरा नहीं जा सकता। इस कठिन समय में उनकी गहरी संवेदनाएं अर्जुन मुंडा और उनके पूरे परिवार के साथ हैं। डॉ. प्रदीप वर्मा ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति एवं धैर्य प्रदान करें।



