Jamshedpur News: लौहनगरी जमशेदपुर में साहित्य प्रेमियों के लिए दिसंबर का महीना बेहद खास होने वाला है। होटल रामाडा में 18 से 20 दिसंबर तक जमशेदपुर लिटरेचर फेस्ट (JLF 2.0) का आयोजन किया जा रहा है। इस साल साहित्यिक कार्यक्रम में मनोरंजन जगत का तड़का भी लगने वाला है।

बता दें, लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत’ के चर्चित किरदार विनोद और माधव भी इस आयोजन में शामिल होने जमशेदपुर आने वाले हैं। कार्यक्रम के आयोजक संदीप मुरारका ने इस जानकारी दी। उन्होनें कहा कि, सीरीज में विनोद और माधव का किरदार निभाने वाले अभिनेता अशोक कुमार पाठक और बुल्लू कुमार खास अतिथि के रूप में फेस्ट में पहुचेंगे। दोनों कलाकारों के आने की खबर से शहर के युवाओं में उत्साह की लहर है।

पंचायत के कलाकारों से होगी मुलाकात
गौरतलब है कि, अमेजन प्राइम वीडियो में रिलीज हुई वेब सीरीज ‘पंचायत’ अपनी सरल कहानी, गांव की पृष्ठभूमि और मजेदार संवादों के लिए लोगों के बीच काफी लोकप्रिय है। इसमें विनोद और माधव की जोड़ी ने दर्शकों के बीच एक विशेष पहचान बनाई है। खासकर ‘देख रहा है विनोद’ डायलॉग सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया गया। वहीं, JLF 2.0 में पंचायत के प्रशंसकों को इन दोनों कलाकारों से रूबरू होने का अवसर मिलेगा। इस दौरान उनके अभिनय के अनुभव, संघर्ष और थिएटर से लेकर वेब सीरीज तक के सफर पर भी संवाद होने की संभावना है।
युवाओं को साहित्य और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना है उद्देश्य
आयोजकों के मुताबिक, इस साल लिटरेचर फेस्ट में किताबों, लेखकों और विचार-विमर्श के साथ-साथ कला और मनोरंजन जगत को भी जगह दी गई है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को साहित्य और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना है।


