Hazaribagh News: हजारीबाग से गोलीबारी की घटना सामने आ रही है। उपकार होटल में मंगलवार देर रात एक शादी समारोह के दौरान हुई फायरिंग से खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। किसी बात को लेकर बीच समारोह में शुरु हुआ विवाद देखते ही देखते ही हिंसक झड़प का रुप ले लिया। इस घटना में हुई फायरिंग से एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि दूसरा गंभीर रुप से घायल बताया जा रहा है। वहीं, इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

संगीत कार्यक्रम के दौरान शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार देर रात हजारीबाग के उपकार होटल में शादी समारोह के साथ संगीत कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहा-सुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते यह विवाद बढ़ गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसी बीच आक्रोशित लोगों ने गोलीबारी शुरु कर दी, जिससे समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। शादी में शामिल लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा
फायरिंग के दौरान दो व्यक्ति के घायल होने खबर है। जिनको इलाज के लिए अस्पताल में भर्ता कराया गया। वहीं, डॉक्टरों ने इनमें से एक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रांची रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। फिलहाल गोलीबारी के पीछे की वजह साफ नहीं हो पाई है। विवाद किन लोगों के बीच हुआ और फायरिंग किसने की, इसकी जानकारी भी सामने नहीं आई है।


