गोईलकेरा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोईलकेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत परलीपोस गांव में बालू के बड़े पैमाने पर स्टॉक किए जाने का मामला अब सवालों के घेरे में है। आरोप है कि आनंदपुर प्रखंड के रोबोकेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत जोरोबारी गांव से बालू उठाकर परलीपोस में जमा किया जा रहा है। इस काम में कथित तौर पर दिन-रात करीब 40 से 45 ट्रैक्टर लगाए जा रहे हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर इतनी बड़ी संख्या में ट्रैक्टरों के माध्यम से बालू का परिवहन और स्टॉक किसके संरक्षण में किया जा रहा है? क्या संबंधित विभाग और स्थानीय पुलिस प्रशासन को इसकी जानकारी नहीं है? यदि जानकारी है, तो अब तक इस पर कार्रवाई क्यों नहीं की गई?

इस मामले को लेकर गोईलकेरा थाना प्रभारी की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं। थाना प्रभारी से सीधा सवाल है कि परलीपोस गांव आपके थाना क्षेत्र में आता है। यदि यहां बड़े पैमाने पर बालू का स्टॉक किया जा रहा है, तो अब तक संबंधित स्टॉक स्थल पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई? वहीं, थाना प्रभारी का कहना है कि बालू स्टॉक यार्ड और वाहनों को पकड़ने का अधिकार खनन विभाग के पास है। यदि ऐसा है, तो फिर सवाल उठता है कि बालू लदे ट्रैक्टरों को पकड़ने की कार्रवाई पुलिस किस अधिकार के तहत करती है? क्या पुलिस को अवैध बालू परिवहन पर कार्रवाई करने का अधिकार नहीं है?



