नई दिल्ली: कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) द्वारा उनकी पार्टी को 26 सीटों का प्रस्ताव दिए जाने संबंधी बयान को खारिज करते हुए बुधवार को कहा कि दोनों दलों के बीच सभी 403 सीटों को लेकर चर्चा हो रही है। गौतम ने यह भी कहा कि दोनों दलों को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए और उनका आचरण भी उसी के अनुरूप होना चाहिए। गौतम ने 26 सीटों के प्रस्ताव संबंधी सपा नेताओं के बयान बारे में पूछे जाने पर ‘पीटीआई-भाषा’ कहा, ‘‘हम इस तरह के किसी बयान को स्वीकार नहीं करते। इसके बाद बातचीत हुई है और वह सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई है। हम आपस में सभी 403 सीटों पर चर्चा कर रहे हैं। काफी संख्या में सीटों पर बातचीत हो चुकी है और शेष सीटों पर अगली बैठक में चर्चा की जाएगी।’’

उनका कहना था कि जब दोनों जिम्मेदार दलों के नेतृत्व के बीच बातचीत चल रही है, तो इस समय वह कोई बयान नहीं देना चाहते। दोनों दलों को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए और उनका आचरण भी उसी के अनुरूप होना चाहिए। सपा द्वारा उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार रात पांच उम्मीदवारों की सूची जारी किए जाने के सवाल पर कांग्रेस नेता ने कहा कि ऐसा करने से बचना चाहिए था और उन्हें इंतजार करना चाहिए था। उन्होंने यह भी कहा, ‘‘खैर, कोई बात नहीं। ऐसा 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान भी हुआ था और बाद में उम्मीदवारों को वापस भी लिया गया था। मुझे उम्मीद है कि सब कुछ सही दिशा में आगे बढ़ेगा।’’

सपा ने मंगलवार को कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे को लेकर दूसरे दिन की बातचीत से पहले उसे 26 सीटों की पेशकश की थी। इससे पहले कांग्रेस ने सपा को ऐसी 130 सीटों की सूची सौंपी थी जहां से वह अपने उम्मीदवार उतारना चाहती है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को कहा था कि कांग्रेस को सौहार्द और सूझबूझ के साथ ‘सीट की जगह जीत के समीकरण’ पर विचार करना चाहिए, ताकि उत्तर प्रदेश में गठबंधन की सरकार बने और फिर केंद्र में भी सत्ता परिवर्तन हो सके। यादव ने कांग्रेस से सपा की ओर से उसके लिए प्रस्तावित 26 सीटों के अतिरिक्त अन्य सभी संभावित सीटों की सूची भी भेजने का आग्रह किया।


