बोतल बंद पानी की देशव्यापी जांच जारी, प्रयोगशाला नतीजों में एक-दो महीने लगेंगे : राजित पुनहानी

देशभर में बोतलबंद पानी की गुणवत्ता जांच रहा है एफएसएसएआई। प्रयोगशाला रिपोर्ट आने में दो महीने लगेंगे। बिसलेरी के नमूने में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक मिली।

Archana Ekka
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नयी दिल्ली : भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) राजित पुनहानी ने बुधवार को कहा कि खाद्य नियामक देशभर से बोतल बंद पानी के नमूने एकत्र कर रहा है और इनकी प्रयोगशाला जांच करीब दो महीने में पूरी हो जाएगी। पुनहानी ने यह भी बताया कि एफएसएसएआई जल्द ही खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल होने वाली पैकेजिंग सामग्री का निरीक्षण भी शुरू करेगा। उन्होंने कहा कि यह सामग्री खाद्य पदार्थों के लिए सुरक्षित मानकों के अनुरूप होनी चाहिए।

बिसलेरी के बोतलबंद पानी का एक नमूना प्रयोगशाला जांच में विफल रहने के बाद एफएसएसएआई ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। नियामक ने बिसलेरी इंटरनेशनल के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी भी दी है। बोतल बंद पानी के खिलाफ कार्रवाई के बारे में पूछे जाने पर पुनहानी ने कहा, ”हम इस प्रक्रिया में हैं। इसकी शुरुआत हो चुकी है। हम देशभर में नमूने ले रहे हैं।” उन्होंने भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के एक कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं से कहा, ”इसके पीछे कोई खास वजह नहीं है। पिछले एक साल में आपने देखा होगा कि हमने एक-एक करके कई क्षेत्रों की जांच की है। हमने डेयरी उत्पादों, मांस, अंडे, अनाज, ऊर्जा पेय और मीठे पेय पदार्थों की जांच की है। पानी भी इसी प्रक्रिया का हिस्सा है।”

पुनहानी ने कहा कि एफएसएसएआई ने खाद्य उत्पादों के भ्रामक विज्ञापनों और उनके लेबल पर किए जाने वाले दावों के खिलाफ भी कार्रवाई की है। बिसलेरी इंटरनेशनल के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया कब शुरू होगी, इस सवाल पर उन्होंने कहा कि यह सामान्य प्रक्रिया है और इस पर कार्रवाई होगी। इससे पहले, सूत्रों ने बताया था कि एफएसएसएआई के अधिकारियों ने बोतल बंद पानी कारोबार से जुड़ी सभी प्रमुख खाद्य कारोबार कंपनियों (एफबीओ) के परिसरों का निरीक्षण किया है और प्रयोगशाला जांच के लिए नमूने लिए हैं।

सूत्रों के अनुसार, यदि किसी कंपनी के नमूने जांच में विफल पाए जाते हैं और नियमों का उल्लंघन सामने आता है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एफएसएसएआई ने रविवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिये बताया था कि उसने असुरक्षित बोतलबंद पानी के मामले में बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी है। नियामक ने बिसलेरी इंटरनेशनल के परिसर से बोतलबंद पानी (मिनरल वाटर को छोड़कर) का एक नमूना जांच के लिए लिया था। एफएसएसएआई के मुताबिक, नमूने में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा के अनुरूप नहीं पाई गई। इसे खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत असुरक्षित घोषित कर दिया गया।

ब्रोमेट एक रासायनिक यौगिक है, जो पानी को कीटाणुरहित करने की प्रक्रिया के दौरान बन सकता है। पेयजल में इसकी निर्धारित सीमा से अधिक मात्रा स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। लंबे समय तक इसके अधिक सेवन से कैंसर का खतरा बढ़ सकता है।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।