मेदिनीनगर : पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर शहर के पास जोड़ गांव के पास बुधवार को फोरलेन सड़क पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। इस दुर्घटना में बाइक सवार युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान पाटन थाना क्षेत्र के छोटकी पालहे गांव निवासी खुसदिल शुक्ला के रूप में हुई है। वह पूर्व सैनिक बृजेश शुक्ला के पुत्र थे।

हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत सदर थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू की। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया।

फिलहाल बाइक पलटने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। जवान बेटे की मौत की खबर सुनकर पिता समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, गांव में शोक की लहर है।


