बच्चों के धरने के दो दिन बाद ही सरयू राय ने शुरू कराया सड़क निर्माण

जमशेदपुर की मल्लिक कॉलोनी में स्कूली बच्चों के धरने का असर दिखा। विधायक सरयू राय की पहल पर दो दिनों में सड़क निर्माण कार्य शुरू हुआ, स्थानीय लोगों ने लड्डू बांटे।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

जमशेदपुर : जर्जर सड़क से परेशान स्कूली बच्चों के धरने का असर महज दो दिनों में दिखा। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय की पहल पर मानगो नगर निगम के वार्ड संख्या 23 अंतर्गत आजादनगर रोड नंबर-5 की मल्लिक कॉलोनी में सड़क निर्माण कार्य शुरू हो गया। डॉ. अयूब खान के घर से भैया पान दुकान तक बनने वाली इस सड़क का निर्माण विधायक निधि से कराया जा रहा है।

गौरतलब है कि दो दिन पूर्व रविवार को सड़क की बदहाल स्थिति से परेशान स्थानीय बच्चे धरने पर बैठ गए थे। बच्चों का कहना था कि जर्जर सड़क के कारण उन्हें स्कूल आने-जाने में काफी परेशानी होती है। उन्होंने घोषणा की थी कि जब तक सड़क का निर्माण नहीं होगा, वे प्रत्येक रविवार को धरना जारी रखेंगे।

बच्चों के धरने की जानकारी मिलते ही विधायक सरयू राय मौके पर पहुंचे और उनसे मुलाकात की। उन्होंने बच्चों को बताया कि सड़क निर्माण की अनुशंसा वे दो माह पूर्व ही अपनी विधायक निधि से कर चुके हैं तथा अगले दो दिनों में काम शुरू हो जाएगा। विधायक के आश्वासन के अनुरूप बुधवार को सड़क निर्माण कार्य शुरू हो गया।

सड़क निर्माण शुरू होने से स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है। लोगों ने इस पहल पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए लड्डू वितरित किए। वार्ड संख्या 23 की पार्षद होमा आफरीन सहित स्थानीय नागरिकों ने विधायक सरयू राय के प्रति आभार जताया।

इस अवसर पर मानगो नगर निगम जनसुविधा समिति के संयोजक पप्पू सिंह, वार्ड संख्या 23 की पार्षद होमा आफरीन, वार्ड संख्या 28 की पार्षद जेबा फरीन, वार्ड संख्या 21 की पार्षद इरफाना खातून, वार्ड संख्या 24 के पार्षद नुरूल हक अंसारी, पिंटू सिंह, आफताब अहमद सिद्दीकी, फिरोज आलम, सन्नी मिर्जा, मुकेश सिंह सहित अनेक स्थानीय लोग उपस्थित थे।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।