
Dhanbad news: अगर आप भी बिना टिकट ट्रेन में सफर करते हैं, तो सावधान हो जाइए! धनबाद रेल मंडल में रेलवे ने ऐसा मेगा टिकट जांच अभियान चलाया कि 902 यात्री पकड़ में आ गए और उनसे लाखों रुपये जुर्माना वसूला गया।
दरअसल, गुरुवार को धनबाद रेल मंडल के अलग-अलग रेलवे स्टेशनों और मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों में सघन टिकट जांच अभियान चलाया गया।
इस दौरान रेलवे की चेकिंग टीमों ने कुल 902 यात्रियों को पकड़ा। इनसे रेलवे ने कुल 7 लाख 50 हजार रुपये का जुर्माना वसूला।
खास बात यह है कि पकड़े गए यात्रियों में सिर्फ बिना टिकट सफर करने वाले ही नहीं, बल्कि बिना उचित प्राधिकार के यात्रा करने वाले और बिना बुकिंग के सामान लेकर चलने वाले यात्री भी शामिल थे।
रेलवे की टीमों ने मंडल के विभिन्न स्टेशनों के साथ-साथ ट्रेनों में भी जांच की। इस कार्रवाई के बाद बेटिकट यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया। वहीं, कई स्टेशनों पर अनारक्षित टिकट काउंटरों पर यात्रियों की भीड़ भी देखने को मिली।
रेलवे की इस कार्रवाई से साफ है कि बिना टिकट यात्रा करने वालों पर अब सख्ती जारी रहने वाली है।


