सुबह काम पर निकलने वाले लोगों और मॉर्निंग वॉक करने वालों को ठंडी हवाओं का सामना करना पड़ रहा है। मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए आने वाले दिनों में सुबह और देर शाम कनकनी बढ़ने की संभावना है।

सुबह कुहासा, दोपहर में खिलेगी धूप
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में गिरावट जारी रह सकती है। इसके बाद तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। वहीं, अधिकतम तापमान लगभग स्थिर रहने का अनुमान है।
सुबह के समय राज्य के कई इलाकों में हल्के से मध्यम दर्जे का कुहासा छा सकता है। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ कुहासा छंट जाएगा और आसमान साफ रहने की उम्मीद है। दोपहर में धूप निकलने से लोगों को ठंड से कुछ राहत मिल सकती है।
नवंबर के आखिरी दिनों में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक, नवंबर के आखिरी दिनों में रांची का मौसम सामान्य रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
बारिश की संभावना नहीं, शुष्क रहेगा मौसम
फिलहाल झारखंड में बारिश की कोई संभावना नहीं है। पूरे राज्य में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। ऐसे में सुबह और रात के समय ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़ों का इस्तेमाल करना जरूरी होगा।


