रांची : झारखंड में हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर प्रदेश कांग्रेस मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा कि गठबंधन सरकार के दो वर्ष जनविश्वास, जनकल्याण, सामाजिक न्याय और झारखंडी अस्मिता को मजबूत करने के दो वर्ष हैं। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार ने तमाम चुनौतियों के बावजूद गरीब, किसान, महिला, युवा, आदिवासी, दलित और पिछड़े वर्गों के हितों को केंद्र में रखकर काम किया है। भाजपा के 12वर्षों के केंद्रीय शासन के जुमलों, महंगाई और बेरोजगारी के सवालों के बीच झारखंड की गठबंधन सरकार जनहित को प्राथमिकता देकर अपनी प्रतिबद्धता साबित कर रही है।

राकेश सिन्हा ने कहा कि भाजपा को झारखंड सरकार के कामकाज पर सवाल उठाने से पहले अपने 11 वर्षों के केंद्रीय शासन का हिसाब देना चाहिए। देश की जनता आज भी महंगाई, बेरोजगारी, आर्थिक असमानता और किसानों की समस्याओं से जूझ रही है। भाजपा चुनावों में वादों की लंबी सूची पेश करती है, लेकिन उन वादों के परिणामों पर जवाब देने से बचती है। इसके विपरीत झारखंड की गठबंधन सरकार ने जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से जनता को राहत और आर्थिक संबल देने का प्रयास किया है।


