Jamshedpur News: जमशेदपुर में मानगो थाना को 73 साल बाद अपना नया भवन मिल गया है। शनिवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पूर्वी सिंहभूम जिले के नवनिर्मित मानगो थाना भवन और एसएसपी स्मार्ट ऑफिस भवन का ऑनलाइन उद्घाटन किया। इसके साथ ही मानगो थाना का संचालन जवाहर नगर रोड नंबर 15 स्थित नए भवन से शुरू हो गया।

आधुनिक सुविधाओं से लैस थाना भवन तैयार
नवनिर्मित मानगो थाना भवन का निर्माण झारखंड पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड (JPHCL) के माध्यम से कराया गया है। आधुनिक सुविधाओं से लैस यह थाना भवन करीब 2.5 एकड़ जमीन पर G+3 मॉडल में तैयार किया गया है। उद्घाटन के अवसर पर उपायुक्त राजीव रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब, धालभूम अनुमंडल पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) समेत अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारी, पुलिसकर्मी और संबंधित विभागों के कर्मी मौजूद रहे।
Read more- Ranchi News: रविवार को रांची के इन इलाकों में 6 घंटे तक गुल रहेगी बिजली, देखें पूरी लिस्ट
73 वर्षों बाद मानगो थाना का अपने नए भवन में संचालन शुरू
नए थाना भवन में पुलिस प्रशासन के कामकाज को अधिक व्यवस्थित बनाने के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। भवन में पुलिस अधिकारियों के कार्यालय, रिकॉर्ड एवं कंप्यूटर व्यवस्था, वायरलेस संचार, बैठक एवं ब्रीफिंग की सुविधा सहित पुलिसकर्मियों और आम लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न व्यवस्थाएं विकसित की गई हैं।
73 वर्षों बाद मानगो थाना का अपने नए भवन में संचालन शुरू होना क्षेत्र के पुलिस इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलने के साथ ही मानगो क्षेत्र के नागरिकों को पुलिस सेवाओं में सुविधा मिलने की उम्मीद है। नए भवन के उद्घाटन को जमशेदपुर में पुलिस व्यवस्था के आधुनिकीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।


