झारखंड में टीएसपीसी के 7 उग्रवादी गिरफ्तार, 1 लाख का इनामी रमेश गंझु उर्फ बोड़ा भी शामिल

Digital News
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

लातेहार: एसपी प्रशांत आनंद को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापामारी कर बालूमाथ थाना क्षेत्र के शेरेगड़ा गांव के निकट जंगल से उग्रवादी संगठन टीएसपीसी के सात उग्रवादियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार उग्रवादियों में एक लाख रुपए का इनामी उग्रवादी रमेश गंझु उर्फ बोड़ा जी भी शामिल है।

पुलिस ने गिरफ्तार उग्रवादियों के पास से एक राइफल, एक बंदूक 136 गोलियों के अलावे लेवी के रूप में वसूले गए ₹167000 भी बरामद किए हैं।

गिरफ्तार उग्रवादियों में रमेश गंझु, बुधराम गंझु, कुलदीप गंझु ,दसई उरांव और झरी साह लातेहार के बालूमाथ थाना क्षेत्र के निवासी हैं। जबकि नीरज गंझु और आशीष गंझु चतरा जिले के पिपरवार थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।

मामले की जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक विपुल पांडे ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि उग्रवादी संगठन टीएसपीसी के उग्रवादी किसी घटना को अंजाम देने के लिए शेरेगड़ा जंगल के पास जमा हुए हैं।

इसी सूचना पर शनिवार की रात बालूमाथ डीएसपी अजीत कुमार के नेतृत्व में पुलिस की टीम ने जंगल में छापामारी की। पुलिस ने जंगल से तीन उग्रवादियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार उग्रवादियों की निशानदेही पर पुलिस ने आगे की कार्रवाई करते हुए चार अन्य नक्सलियों को भी गिरफ्तार कर लिया।

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार सभी उग्रवादी टीएसपीसी के सदस्य हैं। यह लोग लातेहार जिले के अलावे चतरा जिले में विभिन्न उग्रवादी घटनाओं को अंजाम देते रहे हैं।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार एरिया कमांडर बोड़ा जी एक लाख रुपए का इनामी उग्रवादी है।

इस पर विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगभग 13 मामले दर्ज हैं। इनकी गिरफ्तारी से उग्रवादियों की रीढ़ टूट गई है।

Share This Article