विदेश मंत्री जयशंकर ने की सऊदी अरब के विदेश मंत्री से मुलाकात

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली: विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने आज नई दिल्ली में हैदराबाद हाउस में सऊदी अरब के विदेश मंत्री प्रिंस फैसल बिन फरहान अल सऊद से मुलाकात की।

विदेश मंत्रालय के अनुसार कोविड -19 महामारी के प्रकोप के बाद से सऊदी अरब और भारत की यह पहली मंत्रिस्तरीय यात्रा है।

दोनों मंत्रियों ने अपने द्विपक्षीय संबंधों से संबंधित सभी मुद्दों और आपसी हित के क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा की।

दोनों मंत्रियों ने अक्टूबर 2019 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सऊदी अरब यात्रा के दौरान दोनों पक्षों के बीच हस्ताक्षरित सामरिक भागीदारी परिषद समझौते के कार्यान्वयन की समीक्षा की।

उन्होंने समझौते के तहत हुई बैठकों और कार्य प्रगति पर संतोष व्यक्त किया।

दोनों पक्षों ने व्यापार, निवेश, ऊर्जा, रक्षा, सुरक्षा, संस्कृति, कांसुलर मुद्दों, स्वास्थ्य देखभाल और मानव संसाधन में अपनी साझेदारी को मजबूत करने के लिए आगे उठाए जा सकने वाले कदमों पर चर्चा की।

दोनों मंत्रियों ने अफगानिस्तान के घटनाक्रम और अन्य क्षेत्रीय मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया।

उन्होंने संयुक्त राष्ट्र, जी-20 और जीसीसी जैसे बहुपक्षीय मंचों में द्विपक्षीय सहयोग पर भी चर्चा की।

विदेश मंत्री ने पिछले साल कोविड-19 महामारी के बावजूद सऊदी अरब को जी-20 की सफल अध्यक्षता के लिए बधाई दी।

विदेश मंत्री ने कोविड-19 महामारी के दौरान भारतीय समुदाय को प्रदान की गई सहायता के लिए सऊदी अरब की सराहना की और भारत से वहां की यात्रा पर प्रतिबंधों में और ढील देने का आग्रह किया।

Share This Article