झारखंड : नक्सलियों को हथियार सप्लाई करने के आरोप में दो गिरफ्तार, हथियार भी बरामद

News Aroma
1 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

मेदिनीनगर : पलामू पुलिस ने सोमवार को नवडीहा बाजार थाना क्षेत्र से दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इन दोनों पर नक्सलियों को हथियार सप्लाई करने का आरोप है। गिरफ्तार आरोपियों में पंकज कुमार सिंह और वीर कुमार सिंह शामिल हैं।

पुलिस ने उनके पास से एक रायफल, मैगजीन, दो देसी कट्टा, एक एसबीबीएल बंदूक, दो गोलियां, और तीन जिंदा कारतूस 12 बोर का और एक खोखा बरामद किये हैं।

इसकी जानकारी देते हुए पलामू एसपी चंदन सिन्हा ने बताया कि ये दोनों टॉप नक्सलियों को हथियार सप्लाई करते हैं।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि टीएसपीसी का जोनल कमांडर आरिफ उर्फ सुदेश उर्फ शशिकांत, सब-जोनल कमांडर रंजन और एरिया कमांडर उज्जवल विजयगिरी पहाड़ के पास भ्रमणशील हैं।

पंकज कुमार सिंह और वीर कुमार सिंह इन्हीं नक्सलियों को हथियार देने जा रहे हैं। यह सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों आरोपी पंकज और वीर को गिरफ्तार कर लिया।

दोनों के पास से हथियार बरामद हुए। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार किये गये दोनों शख्स नक्सली संगठन टीएसपीसी के सक्रिय सदस्य हैं। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।

Share This Article