
जमशेदपुर : सातारामडेरा थाना क्षेत्र के निर्मलनगर में एक दुखद घटना सामने आई है। यहां 53 वर्षीय विजय दास नाम के व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। विजय दास पेशे से प्लंबर थे और अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। घटना के बाद परिवार और आसपास के लोगों में दुख का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, विजय दास काफी समय से मानसिक तनाव और बीमारी से परेशान चल रहे थे। कुछ दिन पहले उन्हें एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सोमवार को वह अस्पताल से घर लौटे थे। बताया जा रहा है कि घटना के समय वह घर में अकेले थे, जबकि उनकी पत्नी बच्चों को ट्यूशन छोड़ने बाहर गई थीं।
जब उनकी पत्नी वापस लौटीं तो काफी देर तक दरवाजा खटखटाने पर भी अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया। अंदर जाकर देखा गया कि विजय दास फंदे से लटके हुए थे। घटना के बाद परिजन उन्हें तुरंत टीएमएच लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच जारी है।

