
धनबाद: धनबाद के तेतुलमारी में केंद्र सरकार की स्माइल योजना के तहत 25 बेड वाला ‘गरिमा गृह’ तैयार किया गया है। झारखंड का यह पहला गरिमा गृह ट्रांसजेंडर समुदाय को सुरक्षित आवास, स्वास्थ्य सुविधा, काउंसिलिंग, कानूनी सहायता और स्किल डेवलपमेंट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। जिला प्रशासन का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य ट्रांसजेंडर समुदाय को सम्मानजनक जीवन देकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है।
गरिमा गृह में रहने वाले लोगों के लिए भोजन, स्वास्थ्य सुविधा, काउंसिलिंग, कानूनी सहायता और स्किल डेवलपमेंट जैसी कई व्यवस्थाएं की गई हैं। खास बात यह है कि झारखंड में इस तरह का यह पहला गरिमा गृह है।
इस मामले में धनबाद डीसी आदित्य रंजन ने अधिक जानकारी देते हुए कहा कि अगर किसी ट्रांसजेंडर को कहीं भी किसी प्रकार की परेशानी हो रही है, तो वे इस गरिमा गृह में आकर रह सकते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की कोशिश है कि ट्रांसजेंडर समुदाय को समाज की मुख्यधारा से जोड़ा जाए. इसके लिए यहां स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे और प्रशिक्षण के बाद उन्हें रोजगार से जोड़ने की पहल भी की जाएगी।
डीसी ने कहा कि समाज के हर वर्ग को सम्मान के साथ जीने का अधिकार है और यह गरिमा गृह उसी दिशा में एक सकारात्मक कदम है।

