रांची : पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी के बाद उनके पिता का एक भावुक वीडियो सामने आया है। वीडियो में पिता हाथ जोड़कर झारखंड पुलिस और न्यायपालिका से अपने बेटे की सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की अपील करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में अभिषेक भारती के पिता ने कहा कि उन्हें सिमडेगा पुलिस के प्रेस रिलीज के माध्यम से पता चला कि उनके बेटे अभिषेक भारती को जमशेदपुर के बिष्टुपुर से गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि उन्हें फोन पर गिरफ्तारी की सूचना तो दी गई, लेकिन किस आरोप में गिरफ्तारी हुई है, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। पिता ने कहा कि मुझे झारखंड पुलिस और न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। मैं सिर्फ इतना चाहता हूं कि मेरे बेटे की सुरक्षा का ध्यान रखा जाए और मामले की निष्पक्ष जांच हो। मुझे विश्वास है कि मेरा बेटा निर्दोष है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने मदद के लिए कई मीडिया संस्थानों से संपर्क करने का प्रयास किया। वीडियो में उन्होंने आशंका जताई कि इस पूरे मामले के पीछे कुछ विरोधी तत्व हो सकते हैं। अंत में उन्होंने हाथ जोड़कर निष्पक्ष जांच और बेटे की सुरक्षा की अपील की।

क्या है पूरा मामला?
सिमडेगा पुलिस के अनुसार, यह मामला पाकरटांड़ थाना कांड संख्या 25/2026, दिनांक 13 नवंबर 2026 से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार, सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ एक 14 वर्षीय किशोरी द्वारा लगाए गए कथित दुष्कर्म के आरोप के मामले में किशोरी के दादा ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पत्रकार अभिषेक भारती और दिलीप तिर्की ने किशोरी का अपहरण कर विधायक के खिलाफ दबाव बनाकर गलत बयान दिलवाने का प्रयास किया। इसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की थी। इससे पहले 18 नवंबर को इस मामले में नामजद अभियुक्त दिलीप तिर्की को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद सिमडेगा पुलिस ने पत्रकार अभिषेक भारती को जमशेदपुर के बिष्टुपुर इलाके से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उन्हें सिमडेगा लेकर पहुंची, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।

दूसरी ओर, पत्रकार अभिषेक भारती ने ही अपने न्यूज पोर्टल ‘द भारत मित्र’ के माध्यम से विधायक भूषण बाड़ा पर लगे आरोपों से संबंधित खबर प्रसारित की थी। इसके बाद रांची के हरमू स्थित उनके डिजिटल मीडिया कार्यालय में भी पुलिस ने छापेमारी की थी। इस गिरफ्तारी के बाद पत्रकार संगठनों में भी हलचल है। झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन के पत्रकारों ने इस कार्रवाई को लेकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों को अभी साबित होना बाकी है और मामले में अंतिम फैसला न्यायालय द्वारा ही किया जाएगा।


