अदिति शर्मा ने पति और ससुरालवालों पर लगाए घरेलू हिंसा के आरोप, एफआईआर के बाद बोलीं- ऐसे हालात से निकलने में समय लगता है

Manu Shrivastava
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

टीवी अभिनेत्री अदिति शर्मा ने अपने पति अभिनीत कौशिक और उनके परिवार पर घरेलू हिंसा और उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं।‘कलीरें, ‘रब से है दुआ’ और ‘अपोलेना-सपनों की ऊंची उड़ान’ जैसे शोज से पहचान बनाने वाली अदिति ने गोरेगांव पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद 31 जुलाई 2026 को एफआईआर दर्ज की गई।

अदिति ने कहा- बात करने में लगा समय

अदिति ने अब इस मामले पर पहली बार अपनी चुप्पी तोड़ी है। टाइम्स नाउ से बातचीत में अभिनेत्री ने कहा कि किसी परिस्थिति से बाहर निकलने और उससे समझौता करने में समय लगता है। उन्होंने खुद को बेहद निजी व्यक्ति बताते हुए कहा कि वह इस बारे में तब तक बात नहीं करना चाहती थीं, जब तक खुद तैयार न हों।

दूसरों के लिए भी दिया खास संदेश

अदिति ने ऐसे हालात से गुजर रहे लोगों को परिवार का साथ लेने और मजबूत बने रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि ऐसी परिस्थितियों से जूझ रहे लड़के और लड़कियां जरूरी हिम्मत और परिवार का सहयोग हासिल कर सकें। अभिनेत्री ने मेडिटेशन को भी मददगार बताया।

एफआईआर में पति और ससुरालवालों के नाम

रिपोर्ट के अनुसार, अदिति की शिकायत में पति अभिनीत विद्यानंद कौशिक, सास उर्मिला कौशिक और ननद कीर्ति कौशिक के नाम हैं। अभिनेत्री ने शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना, घरेलू हिंसा, मारपीट, गाली-गलौज और चरित्र पर सवाल उठाने जैसे आरोप लगाए हैं। मामले की जांच गोरेगांव पुलिस कर रही है।

शादी के गहनों को लेकर भी आरोप

शिकायत में अदिति ने कथित तौर पर यह भी आरोप लगाया कि उनकी सास ने शादी के गहने अपने पास रखे और बार-बार मांगने के बावजूद वापस नहीं किए। इनमें सोने की चेन, अंगूठियां, डायमंड रिंग, मंगलसूत्र और चूड़ियां शामिल होने की बात कही गई है।

शादी के बाद रिश्ते में आई कथित खटास

अदिति के पुलिस बयान के मुताबिक, वह अभिनीत से जून 2021 में ऑनलाइन एक्टिंग कोर्स के दौरान मिली थीं। दोस्ती के बाद दोनों रिश्ते में आए और 12 नवंबर 2024 को शादी की। अभिनेत्री का आरोप है कि शादी के कुछ ही दिनों बाद विवाद शुरू होने लगे। कपड़ों, घरेलू खर्च और दूसरी बातों को लेकर बहस होने का दावा किया गया है।

कॉफी को लेकर विवाद के बाद बढ़ी परेशानी

शिकायत के अनुसार, 1 जनवरी 2025 को कॉफी को लेकर हुआ कथित विवाद हिंसक हो गया। अदिति ने आरोप लगाया कि इसके बाद उनके चरित्र पर सवाल उठाए जाने लगे और फोन चेक किया जाता था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पति बाद में अलग कमरे में सोने लगे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

टीवी पर ऐसी रही अदिति की पहचान

अदिति शर्मा ने 2018 में ‘कलीरें’ से टेलीविजन डेब्यू किया था। इसके बाद वह ‘यह जादू है जिन्न का!’, ‘रब से है दुआ’ और ‘अपोलेना-सपनों की ऊंची उड़ान’ में नजर आईं। वह ‘फियर फैक्टर: खतरों के खिलाड़ी 14’ में भी हिस्सा ले चुकी हैं।

Share This Article