
रांची : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने सोमवार को कोकर से लापता बच्ची के परिजनों से मुलाकात की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि खोरहा टोली रोड नं-02 से पिछले कई दिनों से लापता 18 माह की मासूम बच्ची का अब तक कोई सुराग न मिलना चिंताजनक और दर्दनाक है। उन्होंने कहा कि एक मासूम की जिंदगी दांव पर लगी है, लेकिन झारखंड की हेमंत सरकार और प्रशासन सुस्त है।
उन्होंने कहा कि इस मामले को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए दोषियों को जल्द से जल्द पकड़कर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए और बच्ची को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाया जाए। अगर 36 घंटे के अंदर बच्ची की सुरक्षित बरामदगी नहीं होती है, तो भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर आंदोलन करने का काम करेगा। इस दौरान प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, महानगर अध्यक्ष वरुण साहू, विधायक सीपी सिंह, मेयर रोशनी खलखो तथा डिप्टी मेयर नीरज कुमार मौजूद रहे।

