रांची : अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से राज्य के छात्र-छात्राओं की लंबित पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति राशि का अविलंब भुगतान कराने की मांग की है।

ओम वर्मा ने कहा कि झारखंड के हजारों गरीब, आदिवासी, दलित एवं पिछड़े वर्ग के छात्र-छात्राएं पिछले कई शैक्षणिक सत्रों से छात्रवृत्ति की राशि नहीं मिलने के कारण आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं। छात्रवृत्ति विद्यार्थियों के लिए केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि उच्च शिक्षा प्राप्त करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।

छात्रवृत्ति का भुगतान समय पर नहीं होने से विद्यार्थियों को कॉलेज की फीस, हॉस्टल शुल्क, किताबें एवं अन्य शैक्षणिक खर्चों को पूरा करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई विद्यार्थियों के सामने अपनी पढ़ाई जारी रखने की चुनौती उत्पन्न हो रही है।
ओम वर्मा ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि वे इस गंभीर विषय पर व्यक्तिगत रूप से संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दें तथा केंद्र एवं राज्य सरकार के बीच समन्वय स्थापित कर सभी पात्र विद्यार्थियों की लंबित छात्रवृत्ति राशि जल्द से जल्द उनके बैंक खातों में भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित करें।


