रांची : नेतरहाट आवासीय विद्यालय की स्थापना 15 नवंबर 1954 को तत्कालीन बिहार सरकार की पहल पर झारखंड के नेतरहाट में हुई थी। प्रसिद्ध शिक्षाविद् एफ. जी. पियर्स की परिकल्पना पर आधारित इस विद्यालय का उद्देश्य ग्रामीण और अपेक्षाकृत कमजोर आर्थिक पृष्ठभूमि से आने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा उपलब्ध कराना था।
एफ. जी. पियर्स की शैक्षिक परिकल्पना पर स्थापित इस विद्यालय के शुरुआती प्रधानाचार्यों में चार्ल्स जेम्स नेपियर, जीवननाथ दार, वीरेंद्र कुमार सिन्हा और डॉ. रामदेव त्रिपाठी के नाम उल्लेखनीय हैं। महेश नारायण सक्सेना, डॉ. मिथिलेश कांति और एच. के. पी. सिन्हा जैसे शिक्षकों ने भी विद्यालय के शैक्षिक और सांस्कृतिक जीवन को समृद्ध किया। इन शिक्षकों और शिक्षाविदों के योगदान से नेतरहाट की एक विशिष्ट शैक्षिक पहचान बनी।

पहले बैच में 60 विद्यार्थियों ने छह वर्षीय पाठ्यक्रम के लिए प्रवेश लिया था। अपने लंबे इतिहास में विद्यालय ने प्रशासन, शोध, चिकित्सा, इंजीनियरिंग और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अनेक पूर्ववर्ती छात्र तैयार किए हैं। विशेष रूप से सिविल सेवाओं में इसके विद्यार्थियों की उपलब्धियां उल्लेखनीय रही हैं।

दुनिया में जहां कहीं भी नोबा (नेतरहाट ओल्ड बॉयज़ एसोसिएशन) के लोग हैं, वे भीड़ में कुछ अलग दिखाई देते हैं। उनके आसपास खास तरह का उजाला रहता है। मैं जानता हूँ कि मुझे इस तरह नहीं लिखना चाहिए। यह आत्ममुग्धता है। बेशर्म आत्मप्रशंसा है। लेकिन कई बार मैंने औरों के मुँह से यह बात सुनी है कि नेतरहाट के छात्रों के व्यक्तित्व पर एक खास तरह की छाप नज़र आती है। वे जहाँ कहीं होंगे, आगे की कतार में होंगे। दूसरों के लिए मददगार होंगे।
उनकी सोच-समझ अलग-अलग हो सकती है। उनकी विचारधारा धुर दक्षिणपंथी से धुर वामपंथी तक हो सकती है। वे नितांत मध्यमार्गी या मध्य के दाएँ-बाएँ भी हो सकते हैं। लेकिन उनके पास एक मौलिक विज़न ज़रूर होता है।
इसका कारण सिर्फ़ यह नहीं हो सकता कि नेतरहाट में प्रवेश लेने के लिए एक कठिन प्रतियोगी परीक्षा देनी पड़ती थी। ठीक है कि नेतरहाट में केवल उन विद्यार्थियों को प्रवेश मिल सकता था जो इस कठिन परीक्षा में सबसे अच्छे नंबर लाते हुए प्रतिभा की विवादास्पद ‘परंपरागत’ कसौटियों पर सबसे बेहतर साबित हुए हों। लेकिन वे अपने भीतर की जिन संभावनाओं के साथ वहां जाते, नेतरहाट विद्यालय उन्हें उभारने, निखारने और एक ऐसा रूप देने के लिए लगभग विवश करता था, जो सामाजिक रूप से मूल्यवान हो सके।
ऐसा कैसे होता है, इसे समझने के लिए नेतरहाट विद्यालय की शिक्षा संबंधी दृष्टि पर ध्यान देने की ज़रूरत है। मुझे नहीं मालूम कि यह विज़न किसी नीतिगत दस्तावेज़ में दर्ज किया गया है या नहीं, लेकिन नेतरहाट में अपने चार वर्षों के अनुभव के आधार पर मैं इसकी एक धुँधली-सी रूपरेखा ज़रूर बना सकता हूँ।
नेतरहाट में शिक्षा का माध्यम हिंदी भाषा थी। यह कोई संस्कृतिनिष्ठ, तत्सम-बहुल हिंदी नहीं होती थी, लेकिन यह आग्रह किया जाता था कि संबोधन के लिए प्रचलित अंग्रेज़ी शब्दों की जगह उनके हिंदी विकल्पों का उपयोग किया जाए। शिक्षकों को ‘सर’ की जगह ‘श्रीमान जी’ और प्राचार्य को ‘प्रिंसिपल’ की जगह ‘प्रधान जी’ कहने की रवायत थी। जूनियर छात्र अपने सीनियरों को ‘साहेब’ कहकर संबोधित करते थे।
बोलचाल की मिली-जुली हिंदी को प्रोत्साहित किया जाता था। प्रतिदिन होने वाले सम्मेलनों में किसी दिन वैदिक मंत्रों का, तो किसी दिन रैदास के भजनों का और फिर किसी दिन अल्लामा इक़बाल का ‘सारे जहाँ से अच्छा हिंदोस्ताँ हमारा’ झूम-झूमकर गाया जाता था।
हिंदी कविता की अंत्याक्षरी प्रतियोगिता स्कूल के सांस्कृतिक जीवन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी मानी जाती थी। इसके लिए साल भर तैयारी चलती रहती थी। जोश और जुनून के साथ इसमें हिस्सा लिया जाता था।
इस भाषा-संस्कृति का पहला सुफल यह था कि नेतरहाट के छात्र अंग्रेज़ी के भौकाल और आतंक से पूरी तरह आज़ाद हो जाते थे। अंग्रेज़ी का विरोध नहीं था, लेकिन यह भाव भी नहीं था कि बिना धाराप्रवाह अंग्रेज़ी बोले कोई बुद्धिमान और ज्ञानी नहीं हो सकता।
अंग्रेज़ी की नफ़ासत का दबदबा नहीं था। भारत में अंग्रेज़ी के साथ जुड़ी हुई औपनिवेशिक मानसिकता का दबाव नहीं था।
ऐसे माहौल में हर तरह की पृष्ठभूमि से आने वाले छात्र सहज और स्वतंत्र महसूस करते थे। यह सहजता और स्वतंत्रता उनकी मेधा और चेतना के विकास के लिहाज़ से वरदान का काम करती थी। अंग्रेज़ी तो वे आगे-पीछे अच्छी सीख ही लेते, लेकिन उनकी प्रतिभा उस महाविनाश से बच जाती, जो भारत के छोटे शहरों और कस्बों में अंग्रेज़ी की कुंठा के कारण असंख्य प्रतिभाओं को अपना निशाना बना रहा था।
यह भाषा-दृष्टि इस विज़न पर आधारित है कि शिक्षा का माध्यम छात्रों की अपनी भाषा होनी चाहिए। ज़रूरी नहीं कि वह हिंदी ही हो। उसकी जगह कोई भी स्थानीय या प्रांतीय भाषा हो सकती है। महत्वपूर्ण इतना ही है कि छात्र उस भाषा में सहज महसूस करें।
नेतरहाट की शिक्षा-दृष्टि के दो आधारभूत तत्व थे : श्रम और समता। ये दोनों तत्व शिक्षा के दो हिस्से भर नहीं थे, बल्कि दो बुनियादी सिद्धांत थे। श्रम ही शिक्षा है। समता ही शिक्षा का उद्देश्य है।
यह एक कटु सत्य है कि भारतीय समाज के परंपरागत जाति-आधारित ढाँचे में श्रम का अवमूल्यन किया जाता है। श्रम पर आधारित कार्यों को निम्नतर समझी जाने वाली जातियों के लिए आरक्षित किया जाता है। इस तरह श्रम से दूरी सामाजिक प्रतिष्ठा का पैमाना बन जाती है। श्रम के प्रति उपेक्षा और हिकारत का भाव भी इसी दृष्टि से पैदा होता है।
बिहार के भद्रवर्गीय घरों में पले-बढ़े लड़के जब नेतरहाट पहुँचते हैं तो उन्हें एक झटका लगता है। उन्हें यहाँ सबसे पहले यह शिक्षा मिलती है कि छात्रावास की सफ़ाई की सारी ज़िम्मेदारी छात्रावास में रहने वाले छात्रों को ही उठानी है। कमरों की, आँगन की, शौचालय और स्नानागारों की, भोजनालय की और आश्रम के आसपास की पूरी सफ़ाई स्वयं करनी है। सफ़ाई का साप्ताहिक चार्ट बनता है और हर एक को हर तरह की सफ़ाई में बारी-बारी से हिस्सा लेना पड़ता है। इस प्रक्रिया में उसे सीखना पड़ता है कि हर तरह का श्रम समान रूप से सम्मानजनक है। वह जानता है कि जिन शौचालयों की सफ़ाई वह कर रहा है, उनका उपयोग करने वाले किसी भी वर्ग, जाति या धर्म के व्यक्ति हो सकते हैं। जब एक शाकाहारी छात्र मांसाहारी छात्रों की जूठी थालियों की सफ़ाई करता है, तो वह स्वतः भोजन संबंधी दुराग्रहों से ऊपर उठ जाता है। उसे शाकाहार छोड़ने के लिए नहीं कहा जाता, लेकिन आहार के आधार पर किए जाने वाले किसी भी तरह के भेदभाव को छोड़ देने का आग्रह ज़रूर किया जाता है।
श्रम का यह अनुभव उस छात्र के नज़रिए को स्वतः समतामूलक बना देता है। वह जाति, धर्म और वर्ग के भेदभाव से ही नहीं, आहार संबंधी भेदभाव से भी मुक्त हो जाता है। दुख की बात है कि आजकल सुनते हैं कि इस नियम को बदल दिया गया है। अब हर छात्र के पास अपनी निजी थाली-कटोरी होती है और वह केवल अपनी ही थाली-कटोरी की सफ़ाई करता है। यह बात देखने में जितनी मामूली लगती है, उतनी है नहीं। यह एक समूची मूल्य-चेतना का विपर्यय है। यह नेतरहाट की शिक्षा-दृष्टि का अवसान है।
दूसरे, उससे यह अपेक्षा भी की जाती है कि वह श्रम-आधारित कार्यों से जुड़े व्यक्तियों का उसी तरह सम्मान करे, जैसे वह शिक्षण-कार्य से जुड़े अपने शिक्षकों का करता है। इस तरह स्कूल के मोची जी और धोबी जी के साथ उसका एक आत्मीय और मानवीय रिश्ता बनता है। यह रिश्ता सेवक और स्वामी के रिश्ते से या सेवा-प्रदाता और उपभोक्ता के रिश्ते से बिल्कुल भिन्न होता है।
श्रम-सिद्धांत से जुड़ी तीसरी बात यह है कि हर छात्र को बुनियादी श्रम-आधारित व्यवसायों की शिक्षा दी जाती है। वह कुदाल चलाना सीखता है। खेत बनाना सीखता है। पौधे उगाता है। सिंचाई करता है। वह धातु-कला और काष्ठ-कला का प्रशिक्षण भी लेता है। वह एक साथ एक विद्या-व्यसनी और एक कुशल श्रमिक बनता है। ये सारी शिक्षाएँ उसके मन में श्रम के प्रति गहरे सम्मान और प्यार की भावना पैदा करती हैं। यही चीज़ उसके दृष्टिकोण को समतामूलक भी बनाती है।
नेतरहाट में श्रम श्रेष्ठतम जीवन-मूल्य के रूप में हर जगह छात्र के साथ-साथ चलता है—छात्रावासों से लेकर कक्षाओं तक, खेल के मैदानों से लेकर आसपास के जंगलों में होने वाली लंबी यात्राओं तक। वह स्वाध्याय में पसीना बहाना सीखता है और उसी तरह स्काउटिंग तथा एनसीसी में भी। श्रम उसकी जीवन-शैली बन जाता है और समता जीवन-मूल्य।
समता के दर्शन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए स्कूल की तरफ़ से यह सुनिश्चित किया जाता है कि सभी छात्र एक ही तरह का भोजन करेंगे, एक ही तरह के कपड़े पहनेंगे और एक ही तरह की चीज़ों का इस्तेमाल करेंगे। ये सारी चीज़ें उन्हें स्कूल की तरफ़ से मुहैया कराई जाती हैं। वे घर से लाई हुई किसी भी चीज़ का उपयोग नहीं कर सकते। स्कूल यह व्यवस्था भी करता था कि कम आय वाले परिवारों के छात्रों से कम फीस ली जाए और जो अधिक दे सकते हैं, उनसे अधिक। सबसे कम आय वाले अभिभावकों से कोई फीस नहीं ली जाती थी। उनके बच्चों की ज़रूरत की हर चीज़ स्कूल की तरफ़ से मुफ़्त में प्रदान की जाती है। छात्रों को आमतौर पर यह जानकारी नहीं होती कि किसी बच्चे के अभिभावक से कितनी फीस ली जा रही है। इस तरह स्कूल एक छोटा-सा कम्यून बन जाता है, जिसमें भेदभाव के संस्कार अपने आप मिट जाते हैं।
ध्यान से देखा जाए तो नेतरहाट की शिक्षा-दृष्टि में गांधी, आंबेडकर, मार्क्स और बुद्ध का एक अद्भुत व्यावहारिक समन्वय दिखाई देता है। नेतरहाट के छात्रावास, जिन्हें आश्रम कहा जाता है, काफी हद तक गांधी जी द्वारा स्थापित किए गए आश्रमों के ढंग के दिखाई देते हैं। सामाजिक और आर्थिक समता को एक संस्कार के रूप में बरतने के पीछे आंबेडकर और मार्क्स की छाया देखी जा सकती है। बुद्ध विद्यालय के आदर्श वाक्य में मौजूद हैं : अत्तदीपा विहरथ!
विद्यालय गीत की ये पंक्तियाँ भी इसकी तस्दीक करती हैं :
साधक हैं समता के सत्य न्याय करुणा के, हिन्द प्रेम सम्बल है, विश्व प्रेम साध्य बना
वंदे हे सुन्दर मम सखा नेतरहाट सदा…
स्वर्गीय महेश नारायण सक्सेना के लिखे और संगीतबद्ध किए इस सुंदर गीत में समता, सत्य, न्याय और करुणा के रूप में मार्क्स, गांधी, आंबेडकर और बुद्ध की उपस्थिति स्पष्ट देखी जा सकती है।
विद्यालय का आदर्श वाक्य उसकी शिक्षा-दृष्टि को प्रमाणित करता है। यह तथागत गौतम बुद्ध के पालि भाषा में दिए गए महापरिनिर्वाण सूत्र का एक अंश है। इसे हिंदी में इस तरह कह सकते हैं : ‘अपने ही द्वीप में विहार करो!’ इस सूत्र में आगे कहा गया है कि अपनी ही शरण में जाओ। कहीं और शरण की तलाश मत करो। यह सूत्र अन्यत्र शरण खोजने के विरुद्ध है, अपने भीतर बंद हो जाने के पक्ष में नहीं।
शरण की तलाश ही व्यक्ति की सभी पराधीनताओं और कष्टों का मूल कारण है। अकेलेपन, असुरक्षा और असहायता का भाव व्यक्ति को शरण खोजने के लिए प्रेरित करता है। वह कभी परिवार में, निजी संबंधों में और संपत्ति में शरण ढूँढ़ता है तो कभी किसी समुदाय, धर्म, जाति, विचारधारा या राष्ट्रीयता में। शरण हमेशा बौद्धिक, वैचारिक और भावनात्मक स्वाधीनता की कीमत पर मिलती है। अपनी स्वतंत्र चेतना और अपने श्रम पर विश्वास रखने वाले व्यक्ति को गुलाम नहीं बनाया जा सकता। यही बुद्ध की देशना है और यही नेतरहाट विद्यालय की शिक्षा।
अगर आज नेतरहाट विद्यालय के छात्र हर कहीं भीड़ से कुछ अलग दिखाई देते हैं तो संभवतः इसी महान प्रेरणा के कारण।
ऐसा नहीं है कि नेतरहाट विद्यालय में कमियाँ नहीं थीं। एक बहुत बड़ी कमी यह थी कि नेतरहाट की प्रवेश परीक्षा में लड़कियाँ शामिल नहीं हो सकती थीं। कक्षाओं में कुछ लड़कियाँ होती थीं, लेकिन वे स्कूल स्टाफ के परिवारों से आती थीं। मुझे नहीं पता कि नेतरहाट में कभी कोई स्त्री शिक्षक नियुक्त की गई या नहीं। मेरे ध्यान में तो कोई नहीं है। आश्रमाध्यक्षों की जीवन-संगिनियों से ‘माता जी’ की भूमिका निभाने की अपेक्षा की जाती थी, जो वे अक्सर निभाती भी थीं। नेतरहाट एक बाल-विद्यालय है, इसलिए उस जेंडर असंतुलन का शिकार है, जो ऐसे सभी स्कूलों में होता है। यह असंतुलन अनेक रूपों में जीवन-दृष्टि पर नकारात्मक प्रभाव डालता है।
दूसरी बड़ी कमी यह थी कि विद्यालय में छात्रों के असंतोष को व्यक्त करने वाली कोई एजेंसी नहीं थी। फैसले लेने वाली समितियों में छात्रों का कोई प्रतिनिधित्व नहीं था। इस कारण छात्रों की समस्याओं के समाधान का कोई लोकतांत्रिक ढंग विकसित नहीं हो पाया था और ये समस्याएँ कभी-कभी ऐसे रूपों में सामने आई थीं, जिन्हें पूरी तरह स्वस्थ और सकारात्मक नहीं कहा जा सकता।
कमियाँ और भी खोजी जा सकती हैं, लेकिन चिंता की बात यह है कि बहुत ध्यान से खोजने पर भी आज ऐसा कोई स्कूल दिखाई नहीं देता, जो नेतरहाट की श्रम-समता आधारित शिक्षा-दृष्टि के आसपास भी हो। नेतरहाट विद्यालय की शिक्षा-दृष्टि अबोध छात्रों की मनुष्यता और उनके स्वतंत्र व्यक्तित्व का निर्माण करने वाली थी। ऐसे ही स्कूल एक रचनात्मक और प्रगतिशील समाज का निर्माण कर सकते हैं। आज तो नेतरहाट स्कूल खुद ही भारतीय समाज में तेजी से बढ़ रहे प्रतिगामी विचारों की जद में है।
नेतरहाट विद्यालय के छात्रों की ज़िम्मेदारी है कि वे जहाँ कहीं रहें, नेतरहाट की मशाल को जलाए रखने की कोशिश करें। दिल्ली नोबा की यह पत्रिका इसी कोशिश का एक हिस्सा है। हम सभी की कोशिश जुड़ जाए तो वे एक मशाल जुलूस में बदल सकती हैं—ऐसा सुंदर सपना देखने में हर्ज़ ही क्या है!


