अकासा एयर को सुरक्षा संबंधी जानकारी देने वाली अपनी व्यवस्था पर गर्व: सीईओ दुबे

अकासा एयर ने 2026 की पहली छमाही में 152 बड़ी तकनीकी खामियां दर्ज कीं। सीईओ विनय दुबे ने इसे मजबूत सुरक्षा व्यवस्था और बेहतर रिकॉर्डिंग प्रक्रिया का परिणाम बताया।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली: अकासा एयर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) विनय दुबे ने बुधवार को कहा कि कंपनी को बारीकी से रिकॉर्ड रखने वाली अपनी मजबूत सुरक्षा संबंधित जानकारी देने की व्यवस्था पर गर्व है। एयरलाइन ने वर्ष 2026 की पहली छमाही के दौरान उड़ान परिचालन से संबंधित 152 बड़ी खामियां दर्ज की थीं। नागर विमानन मंत्रालय ने तीन अगस्त को राज्यसभा में बताया था कि इस वर्ष जून तक की अवधि में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ान परिचालन में कुल 352 महत्वपूर्ण तकनीकी खामियां दर्ज की गईं। इनमें से 152 खामियां अकासा एयर से संबंधित थीं।

एयरलाइन में बड़ी खामियों की संख्या अधिक होने के बारे में पूछे जाने पर दुबे ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए साक्षात्कार में कहा कि यह आंकड़ा अकासा एयर की सुरक्षा संबंधित जानकारी व्यवस्था और हर घटना का पूरी तरह दस्तावेजीकरण करने की कार्यप्रणाली को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि जब भी किसी विमान में किसी पुर्जे को बदला जाता है, तो उसे महत्वपूर्ण तकनीकी खामी के रूप में दर्ज किया जाता है। दुबे ने बताया कि वर्ष 2026 की पहली छमाही के दौरान अकासा एयर के बेड़े में 30 से अधिक बोइंग 737 मैक्स विमान शामिल थे। उन्होंने कहा कि एक अन्य एयरलाइन के पास भी इससे अधिक संख्या में ऐसे विमान हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘इन तुलनात्मक आंकड़ों को देखकर मैं बेहद खुश हूं। अकासा एयर अपनी सुरक्षा और सुरक्षा संबंधी जानकारी व्यवस्था पर गर्व करती है और यह आंकड़ा उसी का प्रतिबिंब है।’’ मंत्रालय के अनुसार, वर्ष 2026 की पहली छमाही में दर्ज 352 महत्वपूर्ण तकनीकी खामियों में से 53 मामले एयर इंडिया एक्सप्रेस, 47 इंडिगो, 46 एयर इंडिया और नौ स्पाइसजेट के उड़ान परिचालन से संबंधित थे।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।