
Allegations of Citizenship for 10 thousand : भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने शनिवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) पर गंभीर आरोप लगाए।
दिल्ली में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में BJP ने दावा किया कि ममता बनर्जी की सरकार 10 हजार रुपये लेकर बांग्लादेशियों और रोहिंग्याओं को नागरिकता दिला रही है।
BJP का कहना है कि राज्य के करोड़ों रुपये इसी काम में खर्च किए जा रहे हैं।
दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस, ममता पर सीधा आरोप
BJP प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि इन आरोपों के सामने आने के बाद ही मुख्यमंत्री घबरा गई हैं।
उन्होंने दावा किया कि I-PAC कार्यालय पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की रेड के दौरान ममता बनर्जी फाइलें अपने साथ ले गईं। पात्रा ने चेतावनी देते हुए कहा कि ममता बनर्जी बंगाल को बांटकर चुनाव नहीं जीत सकतीं।
हिंसा, रेल रोको और पुलिस पर सवाल
संबित पात्रा ने कहा कि चाहे वक्फ कानून हो या मुर्शिदाबाद में SIR को लेकर प्रदर्शन, हर जगह हिंसा देखी जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब ट्रेनें जलाई जाती हैं, तो मुख्यमंत्री इसे अल्पसंख्यकों का गुस्सा बताकर सही ठहराती हैं।
BJP के अनुसार, मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा में एक प्रवासी मजदूर की झारखंड में मौत के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। प्रदर्शनकारियों ने रेलवे स्टेशन और राष्ट्रीय राजमार्ग 12 जाम कर दिया।
रेलवे ट्रैक पर घंटों बैठकर प्रदर्शन किया गया और टायर जलाए गए। आरोप है कि इस दौरान एक महिला पत्रकार से मारपीट हुई, जबकि पुलिस मूकदर्शक बनी रही।
SIR रोकने का आरोप और BLO मामला
BJP ने कहा कि बंगाल में SIR प्रक्रिया को असंवैधानिक और हिंसक तरीकों से रोकने की कोशिश हो रही है। BLO पर दबाव बनाया जा रहा है। पार्टी का आरोप है कि BLO अशोक दास को TMC कार्यकर्ताओं ने धमकी दी, जिसके बाद उसने आत्महत्या कर ली।
BJP का दावा है कि अशोक दास की पत्नी ने TMC के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। इस मामले पर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी ने भी पत्थरबाजी के आरोप लगाए।
फरक्का हिंसा और घुसपैठ का मुद्दा
फरक्का में हुई हिंसा पर TMC विधायक मनीरुल इस्लाम के बयान को लेकर भी भाजपा ने हमला बोला। पार्टी ने कहा कि यह राम-रहीम का नहीं, बल्कि बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठ का मामला है।
BJP ने BSF के पत्र का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि बंगाल सरकार ने भारत-बांग्लादेश सीमा पर बाड़ लगाने के लिए जमीन नहीं दी।
सुप्रीम कोर्ट और विपक्ष की प्रतिक्रिया
I-PAC रेड मामले में Supreme Court के आदेश पर BJP विधायक अग्रिमित्रा पॉल ने कहा कि कोर्ट ने मुख्यमंत्री को सबक सिखाया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 15 सालों से TMC और उससे पहले की वाम सरकार फर्जी मतदाताओं और घुसपैठियों के सहारे चुनाव जीतती रही है, लेकिन इस बार बंगाल में ऐसा नहीं होगा।

