
रांची: पूर्व मंत्री आलमगीर आलम को जमानत मिलने के बाद झारखंड की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस ने भाजपा और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी पर जोरदार हमला बोला है। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सोनाल शांति ने कहा कि भाजपा ने झूठे आरोप लगाकर आलमगीर आलम की साफ-सुथरी राजनीतिक छवि को खराब करने की कोशिश की। सोनाल शांति ने कहा कि भले ही देर हुई, लेकिन आलमगीर आलम ने न्याय की पहली सीढ़ी पार कर ली है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में वह सभी आरोपों से भी मुक्त हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि अदालत ने उचित न्यायिक प्रक्रिया के तहत उन्हें जमानत दी है, क्योंकि जांच एजेंसी अदालत में अपने दावों को मजबूती से साबित नहीं कर सकी।
कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि जांच एजेंसियों ने हरसंभव कोशिश की ताकि आलमगीर आलम को जमानत न मिले, लेकिन पार्टी को न्यायपालिका पर पूरा भरोसा था। उन्होंने कहा कि आगे चलकर यह भी साफ हो जाएगा कि किस तरह एजेंसियों ने न्याय व्यवस्था और कानून का गलत इस्तेमाल किया। सोनाल शांति ने कहा कि भारतीय न्याय संहिता की धाराएं अब विपक्षी नेताओं के खिलाफ हथियार की तरह इस्तेमाल की जा रही हैं। उनके मुताबिक, इन कानूनों का उपयोग अपराधियों के बजाय सरकार के खिलाफ आवाज उठाने वाले नेताओं और आंदोलनकारियों पर ज्यादा किया जा रहा है। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी को भी निशाने पर लेते हुए कहा कि भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे लोगों के बीच रहने वालों को दूसरों पर उंगली उठाने से बचना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि भाजपा में कई ऐसे चेहरे हैं जिन पर सवाल उठते रहे हैं और पार्टी नेतृत्व को पहले अपने भीतर झांकना चाहिए।

