
Amarnath Yatra : जम्मू स्थित भगवती नगर आधार शिविर से 6,700 से अधिक श्रद्धालुओं का एक नया जत्था दक्षिण कश्मीर हिमालय में स्थित अमरनाथ गुफा मंदिर के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच रविवार तड़के रवाना हुआ।
अधिकारियों बताया कि 1,310 महिलाओं और 22 बच्चों समेत श्रद्धालुओं का यह जत्था दो अलग-अलग काफिलों में तड़के तीन बजे और तीन बजकर 40 मिनट पर जम्मू आधार शिविर से रवाना हुआ।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने दो जुलाई को जम्मू से यात्रा को हरी झंडी दिखाई थी। उसके बाद जम्मू से कश्मीर के लिए रवाना होने वाला श्रद्धालुओं का यह चौथा जत्था है। इसके साथ ही जम्मू आधार शिविर से अब तक कुल 20,220 श्रद्धालु घाटी के लिए रवाना हो चुके हैं। तीन जुलाई को शुरू हुई 57 दिवसीय वार्षिक अमरनाथ यात्रा के पहले दो दिन में 26,000 से अधिक श्रद्धालुओं ने 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित पवित्र गुफा मंदिर में दर्शन किए।

