भुवनेश्वर: भुवनेश्वर में पुलिस ने एक महिला से कथित दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की मां के पास से खिलौना बंदूक, छह मोबाइल फोन और अन्य सामान जब्त किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की पहचान संतोष उर्फ श्रीधर पांडा (24) के रूप में हुई है। उसने कथित तौर पर 30 सितंबर की रात यहां अपने किराये के फ्लैट में मास्क पहनकर और खिलौना बंदूक दिखाकर 26 वर्षीय महिला को धमकाया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
पुलिस ने बताया कि जांच अधिकारी जब तीन अक्टूबर को आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंचे, तब पुलिस की गोलीबारी में घायल होने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि कथित दुष्कर्म के बाद आरोपी अपनी मां और कुछ सामान को जगतसिंहपुर जिले में एक दूर के रिश्तेदार के घर छोड़ गया था।
उन्होंने बताया कि आरोपी की मां के साथ दूर का रिश्तेदार सोमवार को नयापल्ली थाने पहुंचा और आरोपी द्वारा अपने बैग में रखे गए सामान को पुलिस के सामने पेश किया।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने खिलौना बंदूक के अलावा एक टी-शर्ट, तौलिया और छह मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। मामले की जांच की जा रही है।


