चेन्नई: छह अक्टूबर (भाषा) तमिलनाडु की दो विधानसभा सीटों और पुडुचेरी की एक सीट पर मंगलवार को उपचुनाव के लिए मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। इन उपचुनावों को क्रमशः टीवीके और एआईएनआरसी के नेतृत्व वाली सत्तारूढ़ गठबंधन सरकारों की लोकप्रियता की परीक्षा के तौर पर देखा जा रहा है।

सुबह से ही लोग मतदान केंद्रों पर अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए उत्साह के साथ पहुंचे। दोपहर में मतदान की रफ्तार कुछ धीमी पड़ने के बाद बाद में इसमें फिर तेजी आई।
सुबह सात बजे शुरू हुआ मतदान शाम छह बजे समाप्त हुआ। मतदान शांतिपूर्ण रहा और कुछ केंद्रों पर ईवीएम में आई मामूली तकनीकी दिक्कतों को अधिकारियों ने तुरंत दूर कर दिया।
निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार, तमिलनाडु में मदुरांतकम और धारापुरम विधानसभा सीटों पर शाम छह बजे तक क्रमशः 85.99 प्रतिशत और 80.31 प्रतिशत मतदान हुआ। दोनों सीटें आरक्षित विधानसभा क्षेत्र हैं।
पुडुचेरी की तत्तांचावडी विधानसभा सीट पर शाम छह बजे तक 80.81 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
तमिलनाडु में हुए इन महत्वपूर्ण उपचुनावों का असर न केवल सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) सरकार पर पड़ेगा, बल्कि मुख्य विपक्षी दल द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) और अन्नाद्रमुक के लिए भी ये महत्वपूर्ण हैं। अप्रैल में हुए विधानसभा चुनाव में अन्नाद्रमुक तीसरे स्थान पर खिसक गई थी।
पुडुचेरी में उपचुनाव को मुख्यमंत्री एन. रंगासामी के नेतृत्व वाली चार महीने पुरानी राजग सरकार की लोकप्रियता की परीक्षा के तौर पर देखा जा रहा है। रंगासामी के तत्तांचावडी सीट से इस्तीफा देने के कारण इस सीट पर उपचुनाव कराना जरूरी हुआ।
अधिकारियों के अनुसार, किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। कुछ मतदान केंद्रों पर ईवीएम-वीवीपैट उपकरणों में आई मामूली तकनीकी दिक्कतों को अधिकारियों ने तुरंत दूर कर दिया।


