
Amarnath Yatra : खराब मौसम और मार्ग की आवश्यक मरम्मत के कारण एक दिन के लिए स्थगित रहने के बाद अमरनाथ यात्रा शनिवार को बालटाल मार्ग से पुनः शुरू हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने कहा, ‘‘बालटाल मार्ग से यात्रा फिर से शुरू हो गई है और श्रद्धालुओं को आज सुबह गुफा मंदिर के दर्शन के लिए जाने की अनुमति दी गई।’’
उन्होंने बताया कि मौसम में सुधार होने और मार्ग की मरम्मत का काम पूरा होने के बाद यात्रा बहाल की गई है।
शुक्रवार को लगातार हुई बारिश के कारण प्रतिकूल मौसमी परिस्थितियों और मार्ग के मामूली रूप से क्षतिग्रस्त होने की वजह से यात्रा को स्थगित कर दिया गया था।
इसके अतिरिक्त, पहलगाम मार्ग से यात्रा फिलहाल निलंबित है, क्योंकि वहां आवश्यक मरम्मत कार्य जारी है।
इस वर्ष यात्रा तीन जुलाई को शुरू हुई थी और अब तक लगभग 4,50,000 श्रद्धालु प्राकृतिक रूप से निर्मित बर्फ के शिवलिंग के दर्शन कर चुके हैं।
इस यात्रा का समापन रक्षाबंधन के अवसर पर 28 अगस्त को होगा।

